गाजीपुर में प्रेमी के कहने पर मां ने तीन बच्चों को खिलाई थी चूहे मार दवा, एक की मौत; आशिक गिरफ्तार
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के भुड़कुड़ा कोतवाली पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 25 हजार के इनामी आरोपी पिंटू सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पिंटू सिंह पर एक महिला के साथ मिलकर उसके तीन मासूम बच्चों को जहर देने का आरोप है।
घटना 30 अगस्त 2024 की है। जखनिया तहसील के सामने झुग्गी में चाय-पान की दुकान चलाने वाली अन्नू देवी ने अपने प्रेमी पिंटू सिंह की सलाह पर अपने तीन बच्चों को रोटी में चूहे मारने की दवा मिलाकर खिला दी। इसके बाद दोनों फरार हो गए।
अगली सुबह जब पति चेतन गोंड की नींद खुली तो पत्नी घर में नहीं थी। तभी बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी। मौके पर चूहे मारने की दवा का खाली पैकेट मिला। पति ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। तीनों बच्चों - मधु (5 वर्ष), रितु (4 वर्ष) और जागृति (ढाई वर्ष) को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल भेजा गया। वहां 4 वर्षीय रितु की मौत हो गई।
कोतवाल शैलेश मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने कुछ दिनों में ही अन्नू देवी को दुल्लापुर थाना क्षेत्र के अलमारी रेलवे फाटक से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। मुख्य आरोपी पिंटू सिंह 7 महीने से फरार था। आज सुबह 11:50 बजे उसे दक्षिणी रेलवे क्रॉसिंग से गिरफ्तार कर लिया गया। पिंटू सिंह औरैया जिले के दिबियापुर थाना क्षेत्र के सुंदरपुर नौगांव का रहने वाला है।