सपा नेता की हत्या, सिर धड़ से अलग था, सड़क किनारे मिला शव
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, जौनपुर. जौनपुर के परियावा गांव में सपा नेता राजेश यादव (50) की हत्या कर दी गई। उनका सिर धड़ से अलग था। शव सोमवार की रात 8 बजे टेलीफोन एक्सचेंज के पास सड़क किनारे मिला।
![]() |
भाभी ने कहा- गांव के ही युवक ने हत्या की है। |
राजेश यादव समाजवादी पार्टी में बूथ अध्यक्ष के रूप में सक्रिय थे। सपा जिलाध्यक्ष राकेश मौर्या के अनुसार, राजेश रात आठ बजे रामदयालगंज बाजार से घर लौट रहे थे। तभी हत्या की गई। मृतक के भाभी ने कहा- मेरे देवर की गांव के राहुल यादव ने हत्या की है। उसने पुलिस के सामने कहा- मैंने हत्या की है, हमारा कोई कुछ नहीं कर सकता। राहुल यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अभी तक आरोपी गिरफ्तार नहीं कर सकी है।
घटना की सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी सिटी अरविंद कुमार वर्मा सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की। हत्या के पीछे पुरानी रंजिश या राजनीतिक वर्चस्व का कारण हो सकता है।
एसपी डॉ कौस्तुभ ने बताया- एक युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है। पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
![]() |
यह फोटो मृतक सपा नेता राजेश यादव की है। |
सपा जिलाध्यक्ष राकेश मौर्या ने कहा कि राजेश यादव हमारी पार्टी के कार्यकर्ता व बूथ अध्यक्ष थे। जिस तरह उनकी हत्या की गई वह बहुत निंदनीय है। लोग अपने घरों या गांव में सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन जल्द से जल्द इस मामले पर एक्शन ले और जो भी दोषी हो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
मृतक के बड़े भाई रामसेवक यादव ने बताया कि करीब 7:30 बजे के आसपास हमारे भाई की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। हमारा भाई कहीं आता जाता था, तो हमको बिना ले जाए नहीं आता जाता था, लेकिन आज वह अकेले चला गया था। हमारे किसी मित्र के द्वारा फोन से बताया गया कि तुम्हारे भाई की हत्या हो गई है। हम भागते हुए मौके पर पहुंचे तो हमारा भाई सड़क किनारे पड़ा हुआ था। उसका चप्पल उसका रुमाल घटनास्थल से कुछ दूर पर पड़ा था।
कुछ लोगों ने बताया कि वह आवाज दे रहा था बचाने की लेकिन आसपास कोई नहीं था। इस नाते उसकी जान चली गई। उससे किसी प्रकार की किसी की कोई दुश्मनी भी नहीं है गांव का सज्जन लड़का था गांव में सभी लोग मिलजुल कर रहते थे। पार्टी लेबल पर वह गांव में जनरल लॉबी, बैकवर्ड हो या फिर एससी हो सभी से मिलजुल कर रहते थे, अब किसने हत्या की क्यों की इसका पता नहीं है।
भाभी ने कहा- राहुल यादव ने हत्या की मृतक राजेश यादव की भाभी माधुरी देवी ने कहा- सोमवार की शाम करीब 8:00 बजे गांव के एक लड़के ने सूचना दी। राजेश यादव की हत्या कर दी गई है। हम लोग सूचना पाते ही दौड़ते हुए वहां पहुंचे। वहां उसकी लाश पड़ी हुई थी। वहीं पर मृतक की भाभी माधुरी ने बताया- गांव के राहुल यादव नामक व्यक्ति ने हमारे देवर की हत्या कर दी। जब शाम को सूचना पर पहुंची पुलिस तो राहुल यादव ने पुलिस से कहा कि हमारा कोई कुछ नहीं कर सकता।
![]() |
घटना की जानकारी देते जौनपुर एसपी डॉक्टर कौस्तुभ |
घटना की जानकारी देते हुए जौनपुर एसपी डॉक्टर कौस्तुभ ने कहा पुलिस को सूचना मिली कि लाइन बाजार थाना क्षेत्र के परियावा गांव में सोमवार की शाम को राजेश यादव की हत्या कर दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेते हुए कार्रवाई में जुट गई।
पुलिस को लोगों ने बताया की राजेश यादव के ऊपर धारदार हथियार से हमला किया गया था। उनके परिजनों द्वारा शक के आधार पर राहुल यादव नाम के व्यक्ति के खिलाफ नामजद तहरीर दिया गया। पुलिस द्वारा शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
जौनपुर के लाइन बाजार थाना क्षेत्र के परियावा गांव में राजेश यादव की हत्या के मामले में ग्रामीणों ने जौनपुर पहुंचकर एसपी ऑफिस का घेराव कर दिया। लोगों ने बताया कि जौनपुर के एसपी डॉक्टर कौस्तुभ ने आश्वासन दिया कि जल्द ही आरोपी पुलिस के गिरफ्त में होंगे वहीं पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।