UP Weather Update Today: 24 घंटे बाद बदलेगा मौसम का मिजाज, इन जिलों में बारिश का अलर्ट
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. यूपी में मौसम तेजी से बदल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार कल यानी 20 फरवरी से पश्चिम के जिलों में बारिश की संभावना है। मंगलवार को यूपी में सबसे गर्म शहर प्रयागराज महाकुंभ रहा। इसका तापमान 32°C दर्ज किया गया। जबकि बस्ती सबसे ठंडा रहा। यहां का न्यूनतम तापमान 11°C दर्ज किया गया है। बता दें मंगलवार की सुबह आगरा में हल्की बूंदाबांदी हुई थी।
मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव के अनुसार फरवरी के अंतिम सप्ताह में गर्मी का असर बढ़ सकता है। खासकर पश्चिमी और मध्य उत्तर प्रदेश के इलाकों में अधिकतम तापमान बढ़ने की संभावना है। 20 फरवरी यानी कल से पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना है। इसके बाद तापमान में कमी आ सकती है।
खराब हो सकती है गेहूं, चना और सरसों की फसल
कृषि विशेषज्ञ डॉ.मुकेश ने बताया- फरवरी महीने के शुरुआत में ही ज्यादातर जिलों में तापमान 30 डिग्री के करीब या इसके पार पहुंच गया है। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। अधिक दिनों तक तापमान 30 डिग्री से ऊपर अधिक गर्मी की वजह से गेहूं और सरसों का उत्पादन प्रभावित होगा।
इससे पहले 2020-21 में फरवरी में लगातार ज्यादा गर्मी पड़ने से गेहूं के उत्पादन और क्वॉलिटी पर असर पड़ा था। तब फरवरी में तापमान काफी दिन तक लगातार 30 डिग्री से ऊपर रहा था।