UP Weather Update Today: यूपी में गजब का मौसम, कड़ाके की ठंड ना भीषण गर्मी, तेज हवा चलने के आसार
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. उत्तर प्रदेश में आने वाले दिनों में एक बार फिर तेज हवा चलने का सिलसिला शुरू हो सकता है। मौसम विभाग की ओर से 12 फरवरी से पश्चिमी और पूर्वी यूपी में तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है। इससे तापमान में थोड़ी बहुत गिरावट दर्ज की जा सकती है। अगर अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट हुई तो प्रदेश में फिर एक बार हल्की ठंड बढ़ सकती है। फिलहाल ना ही भीषण गर्मी हो रही है और ना ही भीषण ठंड पड़ रही है।
इस तरह प्रदेश में मौसम सुहाना बना हुआ है।यूपी में बीते काफी समय से मौसम साफ बना हुआ है। इसी क्रम में 11 फरवरी को भी मौसम साफ रह सकता है। हालांकि इस दौरान कहीं-कहीं पर छिछला कोहरा छाने की संभावना जताई गई है। अन्य किसी चीज का कोई अलर्ट नहीं जारी हुआ है। इसके बाद प्रदेश में मौसम बदल सकता है। 12 फरवरी को प्रदेश के दोनों हिस्सों में 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार तेज हवा चलने के आसार जताए गए हैं। इस अवधि में भी मौसम साफ बना रह सकता है।
इसके साथ ही 13 और 14 फरवरी को भी मौसम साफ रहने के साथ ही दोनों हिस्सों में तेज सतही हवा 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से हवा चलने की संभावना जताई गई है। इसके बाद 15 फरवरी से मौसम फिर बदल जायेगा। 15 और 16 फरवरी को मौसम साफ रहने की संभावना है। तेज हवा और बारिश होने का कोई अलर्ट नहीं जारी हुआ है।
वहीं अयोध्या में सबसे कम 7℃ न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया है। जबकि फुरसत गंज में 7.6℃, कानपुर शहर में 8.2℃, चुर्क में 8.2℃, बहराइच में 8.4℃, सुल्तानपुर में 9.5℃, बाराबंकी में 9℃ न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है। लखनऊ में 9.5℃ न्यूनतम और 28.6℃ अधिकतम तापमान दर्ज किया गया है।