Today Breaking News

UP Weather Update Today: दो दिंनो तक चलेंगी ठंडी हवाएं, सुबह-शाम कोहरा छाने की संभावना

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. मौसम में लगातार उतार चढ़ाव का दौर जारी है। कभी तापमान में तेजी तो कभी आसमान में बादल छाए रहने से तापमान में भी उतार चढ़ाव की स्थिति बनी हुई है। बुधवार को ज्यादातर राज्यों में दिनभर आसमान साफ होने के साथ ही अच्छी धूप निकली रही। इस दौरान हवाएं भी चलीं ज‍िससे ठंडक महसूस हुई।
हालांक‍ि तापमान बढ़ने के साथ ही गेहूं के उत्पादन को लेकर क‍िसानों की उम्मीदें कम होने लगी हैं। तापमान में हुई बढ़ोतरी से किसानों की चिंता बढ़ रही है। किसानों का मानना है कि तापमान बढ़ने से गेहूं की पैदावार घटेगी। इसके साथ ही पानी भी अधिक बार देना पड़ेगा। वहीं आम के बागों में असमय ही बौर निकलना भी किसान सही नहीं मान रहे हैं।
आपको बता दें क‍ि गेहूं की फसल के लिए ठंड आवश्यक होती है। पाला ही गेहूं पालता है। पिछले दिनों से हो रहे तापमान में बढ़ोतरी से पैदावार तो कम होगी ही पानी भी अधिक बार लगाना पड़ेगा। बागवान समय से पहले आम के पेड़ों में निकल रहे बौर से चिंतित हैं।
वहीं मौसम वि‍भाग की मानें तो अभी उत्तर प्रदेश में दो दिनों तक 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। इससे मौसम तो सुहाना रहेगा ही, साथ ही हल्‍की फुल्‍की ठंडक का एहसास भी होगा। अभी एक हफ्ते तक यूपी में मौसम साफ रहेगा। इस दौरान धुंध और छिछला कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने बताया क‍ि आने वाले दिनों में यूपी के तापमान में हल्की गिरावट देखने को म‍िल सकती है। इससे ठंड एक बार फ‍िर दस्‍तक देगी। फ‍िलहाल बार‍िश को लेकर अभी मौसम व‍िभाग ने कोई अलर्ट नहीं जारी क‍िया है। आज यानी क‍ि गुरुवार की बात करें ताे प्रदेश में मौसम साफ रहेगा। वहीं शुक्रवार को भी पूर्वी और पश्चिमी यूपी में भी अच्‍छी धूप न‍िकलेगी।
इसके साथ ही अभी प्रदेश में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। हालांक‍ि इस दौरान सुबह और शाम मौसम शुष्‍क बना रहेगा। कहीं-कहीं पर धुंध व छिछला कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है।
अयोध्या और बुलंदशहर में सबसे कम तापमान 10 ड‍िग्री सेल्सियस दर्ज क‍िया गया। मेरठ में 11.1, बहराइच में 11.4, फतेहपुर में 11.5, मुजफ्फरनगर में 11.6 और अलीगढ़ में 11.8 न्यूनतम तापमान रहा। इसके अलावा लखनऊ में 14.5 ड‍िग्री न्यूनतम और 28 ड‍िग्री अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।
बनारस बुधवार को पूरे प्रदेश में सर्वाधिक गर्म रहा। बीएचयू स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया, जबकि दूसरे स्थान पर 29.8 डिग्री सेल्सियस के साथ बहराइच जिला रहा। तीसरे स्थान पर सुलतानपुर का तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के वरिष्ठ विज्ञानी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 1991 से अब तक तापमान के आंकड़ों का अध्ययन करें तो पाएंगे कि फरवरी के शुरुआती छह दिनों में बनारस का अधिकतम तापमान 30 डिग्री कभी नहीं पहुंचा था। इस साल शुरुआती पांच दिनों में से तीन दिनों में (तीन, चार व पांच फरवरी) को अधिकतम तापमान 30 डिग्री से अधिक रहा है।
इन 24 वर्षों में फरवरी में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री रहा है, जो दो फरवरी 2007 को रिकॉर्ड किया गया था। पहाड़ी इलाके से सर्द हवा पूर्वांचल की तरफ बढ़ेंगी तो न्यूनतम और अधिकतम तापमान घट सकता है। अगले कुछ दिनों तक सुबह कोहरा रहेगा, लेकिन दोपहर में आसमान साफ रहने की उम्मीद है।
 
 '