Today Breaking News

गाजीपुर में पत्नी के मायके जाने से परेशान युवक ने की आत्महत्या

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के जमानियां क्षेत्र में एक पारिवारिक विवाद ने गंभीर मोड़ ले लिया। त्रिलोकपुर गांव में 28 वर्षीय रामलखन राम ने पीपल के पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शुक्रवार की सुबह ग्रामीणों ने युवक को पेड़ पर लटका देखा और पुलिस को सूचना दी।
मृतक के पिता हरिनारायण के अनुसार, रामलखन उनका छोटा बेटा था। उसकी शादी 2018 में दिलदारनगर थाना क्षेत्र के देवैथा गांव की चांदनी से हुई थी। करीब 8 महीने पहले पत्नी अपने मायके चली गई थी और कई बार बुलाने पर भी वापस नहीं आई। इस कारण रामलखन काफी परेशान रहता था।

 
 
घटना वाले दिन रामलखन ने सामान्य दिनों की तरह खाना खाया और अपने कमरे में सोने चला गया। सुबह जब पिता ने कमरे में देखा तो वह वहां नहीं था। खोजबीन के दौरान उन्हें सूचना मिली कि उनका बेटा गांव के बगीचे में पीपल के पेड़ पर लटका हुआ है। प्रभारी निरीक्षक पवन कुमार उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय गाजीपुर भेज दिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। रामलखन मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी अचानक मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है।
 
 
 
 '