महाकुंभ में नहाती महिलाओं का वीडियो बनाने वाला एक और गिरफ्तार
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, प्रयागराज. महाकुंभ में नहाती और कपड़े बदलती महिलाओं के वीडियो बनाने वाला एक और आरोपी गिरफ्तार हुआ है। पुलिस ने बताया, आरोपी पश्चिम बंगाल का रहने वाला है।
![]() |
प्रयागराज पुलिस ने आरोपी अमित कुमार झा को गुरुवार को गिरफ्तार किया है। |
युवक ने पूछताछ में बताया- उसने रुपए कमाने की लालच में वीडियो बनाए और सोशल मीडिया अकाउंट पर अपलोड किए थे। उसके पास एक मोबाइल भी बरामद हुआ है।
इससे पहले भी तीन आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। प्रयागराज के एक यूट्यूबर समेत 3 लोगों को शुक्रवार को गुजरात पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
आरोपी की पहचान अमित कुमार झा (27) की रूप में हुई है। वह पश्चिम बंगाल में हुगली जिले के बारो खेजुरिया का रहने वाला है। अमित कुमार झा का एक यूट्यूब चैनल है। आरोपी ने महिलाओं के नहाने और कपड़े बदलने वीडियो बनाए। वीडियो को उसने अपने यूट्यूब चैनल पर अपलोड किया और सोशल मीडिया पर वायरल किया ।
आरोपी ने पुलिस को बताया- उसने यह सब सोशल मीडिया पर अपने फॉलोअर बढ़ाने के लिए किया था। जिससे उसका चैनल मोनेटाइज हो जाए। उस चैनल से वह पैसा कमा सके।
तीन आरोपी पहले हो चुके गिरफ्तार
प्रयागराज के एक यूट्यूबर समेत 3 लोगों को शुक्रवार को गुजरात पुलिस ने गिरफ्तार किया था। सभी पर महाकुंभ में स्नान कर रही महिलाओं के वीडियो बनाकर यूट्यूब और टेलीग्राम पर अपलोड करने का आरोप हैं।
![]() |
पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनमें प्रयागराज का रहने वाला चंद्रप्रकाश फूलचंद (दाएं) भी शामिल है। |
पुलिस को शक है कि इन लोगों ने देश के 60-70 अस्पतालों के CCTV कैमरों को हैक किया है। अस्पतालों के स्त्री रोग विशेषज्ञों के चैंबर में महिलाओं के चैकअप के वीडियो ये लोग लीक करते हैं। छानबीन में इनके पास से महिलाओं के आपत्तिजनक फुटेज मिले।
दरअसल, 19 फरवरी को राजकोट के पायल अस्पताल में महिलाओं के चेकअप के वीडियो यूट्यूब पर अपलोड करने का मामला सामने आया था, गुजरात पुलिस इस केस की जांच कर रही है। ,
इस केस में पुलिस ने महाराष्ट्र से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। इन्ही से पूछताछ के बाद प्रयागराज के यूट्यूबर चंद्रप्रकाश फूलचंद को गिरफ्तार किया गया। चंद्रप्रकाश के चैनल पर महाकुंभ के 55 से 60 वीडियो अपलोड किए गए थे।
इस केस में महाराष्ट्र के लातूर से प्रज्वल अशोक तेली और सांगली से प्रज राजेंद्र पाटिल को गिरफ्तार किया गया।
अहमदाबाद साइबर क्राइम डीसीपी लवीना सिन्हा ने बताया- जांच में पता चला कि तीनों ने महाकुंभ में स्नान करती महिलाओं के वीडियो दूसरे चैनलों को भी बेचे थे।
चंद्रप्रकाश फूलचंद खुद वीडियो बनाता। वीडियो अपने चैनल पर अपलोड करके ऑनलाइन बेचता था। आरोपी के टेलीग्राम चैनल पर 100 से ज्यादा सब्सक्राइबर हैं। ये आरोपी महंगे रेट पर वीडियो बेचने का धंधा चला रहे थे।
पायल अस्पताल का सीसीटीवी फरवरी-मार्च 2024 में हैक किया गया था। अस्पताल में महिलाओं के चेकअप के वीडियो बनाए गए और उन्हें बिक्री के लिए सोशल मीडिया साइटों पर पोस्ट किया गया। ये सभी वीडियो यूट्यूब और टेलीग्राम पर बिक्री के लिए डाले गए थे। इस केस में इसी गैंग पर शक है।
अहमदाबाद क्राइम ब्रांच की जांच में पता चला कि तीनों आरोपी यूट्यूब और टेलीग्राम चैनलों पर महिलाओं के आपत्तिजनक वीडियो बेच रहे हैं। इसके एवज में मोटी रकम कमाई। यह टेलीग्राम चैनल महाराष्ट्र के सांगली और लातूर से संचालित हो रहा था। टीम ने महाराष्ट्र और प्रयागराज में जांच की।
अहमदाबाद क्राइम ब्रांच की टीम इस पूरी जांच में 60 से 70 अलग-अलग अस्पतालों के CCTV हैक होने की आशंका जता रही है। यह रैकेट एक साल से चल रहा था। अब आरोपियों की रिमांड में लिया जाएगा।
महाराष्ट्र का प्रज्वल तेली मुख्य आरोपी है। तीनों आरोपियों ने 8 माह में लाखों रुपए कमाए। पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी वीडियो को 800 से 2000 रुपए में बेच रहे थे। शुरुआती जांच से पता चला है कि अस्पतालों के IP एड्रेस रोमानिया और अटलांटा से हैक किए गए थे। प्रज्वल रोमानिया और अटलांटा के हैकरों के संपर्क में था।
यूपी के DGP प्रशांत कुमार ने बताया कि महिलाओं के स्नान करते वीडियो अपलोड करने के मामले में अब तक तीन FIR दर्ज की जा चुकी है। ऐसे लोगों को चिह्नित करने का प्रयास किया जा रहा है। इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा महाकुंभ को लेकर भ्रामक सूचना फैलाने के मामले में 55 से 60 मुकदमे दर्ज किया जा चुके हैं। इन अकाउंट के संचालकों को भी चिह्नित करने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रयागराज के चंद्रप्रकाश के 2 यूट्यूब चैनल, उसने 8 वीडियो डाले
आरोपी चंद्रप्रकाश के दो यूट्यूब चैनल ‘CP Monda’ नाम से हैं। एक चैनल 24 जनवरी, 2025 को क्रिएट हुआ है। इस पर अभी तक कुल 3 वीडियो अपलोड किए गए हैं।
ये तीनों वीडियो महाकुंभ में महिलाओं के स्नान करने और कपड़े बदलने से संबंधित हैं। दूसरे यूट्यूब चैनल पर 5 वीडियो अपलोड हैं। इसमें एक वीडियो महाकुंभ के स्नान घाट का है, जबकि 3 वीडियो हॉस्पिटल के अंदर महिलाओं के कूल्हे पर इंजेक्शन लगाने से जुड़े हैं।