गाजीपुर में हाईवे पर चलती पिकअप की ट्रॉली टूटी, महाकुंभ से लौट रहे 8 लोगों की हादसे में मौत
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में शुक्रवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। यहां वाराणसी-गोरखपुर हाईवे पर 8 लोगों को डंपर ने कुचल दिया। मरने वालों में 5 महिलाएं और 3 पुरुष हैं। सभी लोग पिकअप पर बैठकर महाकुंभ से लौट रहे थे।
रास्ते में तेज रफ्तार पिकअप की ट्राली अचानक टूट गई। इसके बाद ट्राली पर बैठे 24 लोग सड़क पर गिर गए। पीछे से आ रहा डंपर उन्हें कुचलते हुए निकल गया। मौके पर ही 6 लोगों मौत हो गई, 2 अन्य ने अस्पताल में दम तोड़ा। 11 गंभीर रूप से घायल हैं। बाकी 5 लोगों को हल्की चोट आई है।
हादसा नंदगंज थाना क्षेत्र के कुसम्ही कलां के पास हुआ। पुलिस मौके पर पहुंच गई है। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है।
पुलिस ने बताया, पिकअप में करीब 24 लोग सवार थे। इनमें महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे भी थे। सभी गोरखपुर के बांसगांव क्षेत्र के हल्दीचक और बालोचक गांव के रहने वाले हैं।
![]() |
आईजी वाराणसी मोहित अग्रवाल ने अस्पताल पहुंचकर पीड़ितों का हाल जाना। |
गुरुवार को सभी प्रयागराज महाकुंभ में स्नान करने गए थे। शुक्रवार को अपने गांव लौट रहे थे। वाराणसी-गाजीपुर फोरलेन पर अचानक पिकअप की ट्राली टूट गई, जिससे उस पर सवार लोग नीचे गिर गए। तभी पीछे तेज स्पीड में डंपर आ रहा था। उसने हाईवे पर गिरे लोगों को कुचल दिया।
हादसे में अमर सिंह, उनकी बेटी नित्या सिंह, सुधा चौरसिया, सुरेंद्र गुप्ता, लीलावती, श्याम सुंदर, पुष्पा देवी, गुलाबी देवी की जान गई है।
दुर्घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। लोग चीखने-चिल्लाने लगे। आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े। पुलिस को भी घटना की जानकारी दी गई।
सूचना मिलते ही डीएम आर्यका अखौरी, एसपी डॉक्टर ईरज राजा मौके पर पहुंचे। एम्बुलेंस बुलाकर तत्काल सभी घायलों को अस्पताल भेजा गया।
डीएम आर्यका अखौरी ने बताया, पिकअप में 24 लोग सवार होकर प्रयागराज से गोरखपुर के बांसगांव जा रहे थे। पिकअप का डाला टूटने से कुछ लोग नीचे गिरे, जिसमें 6 लोगों की मौत हुई है। घायलों का इलाज कराया जा रहा है। पिकअप चालक ने बताया कि पीछे से टक्कर मारने वाला डंपर लेकर चालक फरार हो गया।
जिस पिकअप के साथ हाईवे पर हादसा हुआ, उसमें लोगों ने बांस-बल्ली लगाकर दो प्लेटफॉर्म बना लिए थे। क्षमता से अधिक लोग उस पर सवार थे, इसलिए अचानक ट्राली अचानक टूट गई। हादसे के बाद प्रशासन सख्त हो गया है। प्रयागराज से लौट रहे ऐसे वाहनों की चेकिंग की जा रही है।