शोहदे लंगड़ाते पहुंचे हवालात...कान पकड़ गिड़गड़ाए; बोले- अब लड़की नहीं छेड़ेंगे, शराफत से रहेंगे
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, आगरा. यूपी के आगरा में कॉलेज छात्राओं के साथ छेड़खानी और मारपीट करने वाले तीन आरोपी लड़कों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। तीनों लंगड़ाते नजर आए। हवालात पहुंचने पर तीनों कान पकड़कर माफी मांगने लगे। कहने लगे- 'साहब, अब से कभी किसी लड़की को नहीं छेड़ेंगे। किसी से कोई बदतमीजी नहीं करेंगे। शराफत से रहेंगे। माफ कर दीजिए।'
![]() |
हवालात में कान पकड़कर माफी मांगते मनचले |
आरोपी शोहदों के माफी मांगने का वीडियो भी सामने आया है। आरोप है- बुधवार को इन लड़कों ने दो छात्राओं को देखकर उन पर फब्ती कसी। छात्राओं ने इसका विरोध किया। मनचले रुक गए। छात्राओं के साथ मारपीट शुरू कर दी।
यह देख दूसरी छात्राएं सहम गई। मदद के लिए शोर मचाया। कॉलेज का गार्ड दौड़कर मौके पर पहुंचा। आरोपियों ने गार्ड को भी पीटा और मौके से भाग गए।
अब विस्तार से पूरी वारदात पढ़िए...
शहर में बीडी जैन महाविद्यालय मंडलायुक्त के घर के पास है। महाविद्यालय, इंटर कॉलेज और बाल मंदिर एक साथ चलते हैं। बुधवार की दोपहर छात्राएं छुट्टी के बाद घर जा रही थीं। आरोप है- काली पल्सर सवार युवकों ने छात्राओं पर भद्दे कमेंट किए। छात्राओं ने विरोध किया तो आरोपियों ने उन्हें पीटा।
![]() |
मनचलों को पकड़कर थाने ले जाती पुलिस। आरोपी ठीक से चल नहीं पा रहे थे। |
अन्य छात्राओं ने शोर मचाया तो कॉलेज का गार्ड उनको बचाने आया। गार्ड ने जब उनका विरोध किया तो मनचलों ने गार्ड के साथ भी मारपीट कर दी। इस मामले में कॉलेज के प्रिंसिपल ने सदर थाने में घटना की शिकायत की। प्रिंसिपल के साथ ही टीचर्स और छात्राएं भी थाने पहुंचीं।
छात्राओं ने पुलिस को बताया- जैसे ही कॉलेज की छुट्टी हुई, हम लोग बाहर निकले। कॉलेज के बाहर बाकी दोस्तों से बाय बोलकर हम दोनों फ्रेंड्स एक साथ घर के लिए निकले ही थे, कि सामने से तीन लड़के हमारा रास्ता रोककर खड़े हो गए। हम रास्ता बदलकर जाने लगे। तब वो तीनों वहां भी आ गए। हमने उनसे हटने के लिए बोला तो वो लोग हमसे गंदी-गंदी बातें करने लगे। मारपीट करने लगे। फिर हम दोनों फ्रेंड्स ने जोर से चिल्लाया।
चिल्लाने पर कॉलेज के गार्ड भईया हमारे पास आए। उन्होंने तीनों मनचलों को हड़काया और जाने के लिए कहा। उन बदमाशों ने गार्ड भईया को भी खूब मारा-पीटा। इस बीच हम लोग दौड़कर कॉलेज गए और प्रिसिंपल को सारी बातें बताईं। तभी कॉलेज से टीचर्स और प्रिसिंपल बाहर आए। लेकिन तब तक वो लोग भाग गए थे।
छात्र ने बताया- ये बदमाश आए दिन कॉलेज के पास किसी ने किसी को छेड़ते और परेशान करते हैं।
शिकायत के बाद एसीपी सदर विनायक भोसले कॉलेज पहुंचे। उन्होंने पीड़ित छात्राओं से बात की और कहा- मनचलों को जल्द सबक सिखाया जाएगा। उन्होंने कालेज के बाहर और आसपास के सीसीटीवी कैमरों से फुटेज निकलवाई। जिससे आरोपियों की पहचान कराई गई। फिर पुलिस ने अपने स्तर से मुकदमा लिखा। साथ ही कॉलेज के आसपास पुलिस लगाए जाने के निर्देश भी दिए।
तीन आरोपियों में 2 पर पहले से कई मुकदमे
शनिवार को थाना सदर बाजार की पुलिस ने आरोपियों को पकड़ लिया।
इनमें सुल्तानपुरा निवासी फैजान, बंटी उर्फ मुस्तकीन और मुन्ना उर्फ आशिफ है।
मुन्ना वर्तमान में मंटोला में रह रहा है। बंटी पर 9 मुकदमे तो आशिफ पर तीन मुकदमे दर्ज हैं।
थाने में पुलिस के गिरफ्तार करने पर आरोपी माफी मांगने लगे।
आरोपियों ने कहा- वह अब कभी किसी लड़की की तरफ आंख उठाकर नहीं देखेंगे। पुलिस के सामने कान पकड़कर माफी भी मांगी। पुलिस ने इसका वीडियो भी बनाया।
कॉलेजों में लगेंगी शिकायत पेटिकाएं
शहर में कॉलेज के आसपास छेड़छाड़ की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। मगर, डर की वजह से कई बार छात्राएं अपनी बात नहीं कह पाती हैं। टीचर और पुलिस के पास नहीं जाती हैं। एसीपी सदर विनायक भोसले ने बताया- जल्द ही स्कूल-कॉलेजों में शिकायत पेटिकाएं लगवाई जाएंगी। छात्राएं बिना नाम के शिकायत कर सकती हैं। पुलिस पेटिका में आने वाली शिकायत पर जांच कर कार्रवाई करेगी।