पूर्व राज्यमंत्री की फोटो से छेड़छाड़, गाली देते हुए वीडियो किया पोस्ट; सुभासपा प्रभारी ने दर्ज कराई FIR
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. लखनऊ के हजरतगंज थाने में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के प्रदेश कार्यालय प्रभारी धर्म प्रकाश चौधरी ने इंस्टाग्राम यूजर विवेक पासी के खिलाफ हजरतगंज थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। उनका आरोप है आरोपी ने पूर्व राज्यमंत्री और सुभासपा के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव डॉ. अरविंद राजभर की फोटो से छेड़छाड़ कर आपत्तिजनक वीडियो बनाकर वायरल किया है। हजरतगंज पुलिस यूजर आईडी के आधार पर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
बस्ती के सोनहा निवासी प्रदेश कार्यालय प्रभारी धर्म प्रकाश चौधरी ने बताया कि हजरतगंज स्थित पार्टी के दफ्तर में काम करने के दौरान सोशल मीडिया पर एक वीडियो देखा। जिससे जानकारी हुई कि विवेक पासी नाम के युवक ने फर्जी तरीके से डॉ. अरविंद राजभर की फोटो से छेड़छाड़ कर उन्हें आपत्तिजनक बनाया।
उन्हें जातिगत गाली गलौज करते हुए उन फोटो का वीडियो बनाकर पूर्व राज्यमंत्री को उनकी हत्या की धमकी देते वायरल किया। जिससे पूर्व राज्य मंत्री और उनकी पार्टी की छवि धूमिल हुई है। वीडियो के वायरल होने पर लोगों में भय और आक्रोश है। हजरतगंज पुलिस के मुताबिक इंस्टाग्राम आईडी और उसके यूजर के बारे में जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।