गाजीपुर में गंगा घाट पर लोगों के ऊपर गिरा गुंबद का पत्थर, दो घायल
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के सेवराई में नरवा गंगा घाट पर बुधवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। दाह संस्कार के लिए आए लोगों पर गुंबद का पत्थर गिर गया, जिससे वहां अफरा तफरी मच गया। घटना में सायर गांव के मोती चौधरी और लक्ष्मण कुशवाहा गम्भीर रूप से घायल है।
घटना उस समय हुई जब सायर गांव के एक व्यक्ति के अंतिम संस्कार के लिए लोग घाट पर पहुंचे थे। कुछ लोग गुंबद के नीचे बैठकर प्रतीक्षा कर रहे थे, तभी अचानक गुंबद का एक पत्थर टूटकर नीचे गिर गया। घायलों को तत्काल आसपास मौजूद लोगों ने निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।
यह गुंबद समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान बनवाया गया था। तत्कालीन पर्यटन मंत्री और वर्तमान जमानिया विधायक ओमप्रकाश सिंह ने पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए गहमर के नरवा गंगा घाट पर पत्थर की नक्काशी के साथ सीढ़ियां और गुंबद का निर्माण करवाया था। यह स्थल पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है और निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं।