Today Breaking News

बदमाशों ने 2 दुल्हनों को लूटा, मुंह पर कीचड़ लगाया, दूल्हे के पिता का सिर फोड़ा, टूटी शादी

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, मथुरा. मथुरा में ब्यूटी पार्लर से सजकर घर लौट रही दो दुल्हनों को बदमाशों ने कार से उतारकर पीटा। गहने लूट लिए। दोनों के कपड़ों और चेहरे पर कीचड़ लगा दिया। विरोध करने पर दुल्हनों के फूफा की पिटाई कर दी।
बदमाश इतने दबंग थे कि वे थोड़ी देर बाद बारात में भी पहुंच गए। दूल्हे और उनके घरवालों के साथ मारपीट की। दूल्हे के पिता का सिर भी फोड़ दिया। आरोप है कि दो घंटे तक उपद्रवी बवाल मचाते रहे।

इस घटना से दूल्हा पक्ष आहत हो गया। रिश्ता तोड़कर बारात वापस लेकर चले गए। दुल्हन और उनके घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया। घटना को लेकर गांव में तनाव है।

मथुरा के रिफाइनरी थाना क्षेत्र में करनावल गांव है। गांव निवासी सुनील सिंह (बदला हुआ नाम) की दो बेटियां हैं। सुनील ने अपनी दोनों बेटियों की शादी राजस्थान के डींग जिले के गांव खेड़ा ब्राम्हण निवासी विनोद सिंह (बदला हुआ नाम) के दो बेटों के साथ तय की थी।

शुक्रवार की रात उनके घर बारात आई। लोग सात फेरों की तैयारी में जुटे थे। मेहमान भी जुटे थे।
शादी वाले घर में दो बेटियों की आई थी बारात
उधर, जयमाल होने से पहले सुनील की दोनों बेटियां टाउनशिप स्थित एक ब्यूटी पार्लर पर सजने गई थीं। मेकअप के बाद फूफा और बुआ दोनों दुल्हन को अपनी गाड़ी से लेकर आ रहे थे।

रात करीब साढ़े आठ बजे गांव के ही एक कच्चे रास्ते से निकलने के दौरान बाइक सवार को साइड नहीं देने पर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि बाइक सवार ने बारात घर से 50 मीटर की दूरी पर फूफा के साथ मारपीट की। दुल्हन उनको बचाने को लिए गाड़ी से उतरीं। तो बदमाशों ने दुल्हनों पर हमला कर दिया। उन पर कीचड़ फेंका। गहने लूट लिए। इसके बाद आरोपी फरार हो गए।

फूफा जान बचाकर किसी तरह घर पहुंचे। घरवालों ने जब दुल्हनों की हालत देखी तो सभी हैरान रह गए।

उधर, बदमाशों ने अपने कुछ साथियों को फोन करके बुला लिया। दबंग बारात घर तक पहुंच गए। यहां बदमाशों ने बारातियों और जनातियों को भी पीटना शुरू कर दिया। बीच बचाव में आए दूल्हे के पिता के सिर पर भी डंडा मार दिया।

करीब ढाई घंटे तक बवाल मचाया। बदमाशों ने दुल्हन को भी अपशब्द कहे। घटना के बाद दूल्हा पक्ष रिश्ता तोड़कर बारात वापस ले गए। इससे दोनों सगी बहनों की शादी नहीं हो सकी।

दुल्हन के पिता ने बताया, उनकी बेटियां ब्यूटी पार्लर से तैयार होकर अपने फूफा के साथ गाड़ी में आ रही थीं। रास्ते में गांव के ही कुछ बदमाश युवकों ने गाड़ी रोककर मारपीट करना शुरू कर दिया। जब बहनोई ने विरोध किया तो उनके साथ जमकर मारपीट की। उनकी जंजीर तक लूट ले गए और कपड़े फाड़ दिए।

इतना ही नही बेटियों ने बीच-बचाव किया तो उनके साथ भी मारपीट की और अभद्रता की। इस के बाद 8 से 10 लड़कों ने गांव में पहुंचकर बारात के साथ मारपीट की। लड़कों के पिता के सिर में डंडा लग जाने से वह घायल हो गए।

दुल्हन ने बताई आपबीती
हमारी शादी थी। ब्यूटी पार्लर से आ रहे थे। गाड़ी में मैं, मेरी बहन, बुआ और फूफाजी थे। बगल में चल रहा बाइक वाला बदतमीजी कर रहा था। गालियां दे रहा था। फूफा गाड़ी से उतरे तो उनको मारा-पीटा। हम बचाने दौड़े तो हमें भी पीटा। हमारे कपड़ों पर कीचड़ लगा दिया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है। पीड़ित पक्ष ने 10 नामजद समेत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। घटना को लेकर गांव में तनाव की स्थिति बनी है।
एसपी सिटी डॉ.अरविंद कुमार ने कार्रवाई की जानकारी दी।
एसपी सिटी डॉ.अरविंद कुमार ने गांव में पुलिस बल तैनात किया है। सीओ सिटी अरविंद कुमार ने बताया, घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचा और आरोपियों की गिरफ्तारी की है। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
 
 '