गाजीपुर में ग्राम प्रधान और पंचायत सदस्य का उपचुनाव का मतदान कड़ी सुरक्षा के बीच हुआ, 21 फरवरी को मतगणना
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में छह ग्राम प्रधान और दो ग्राम पंचायत सदस्य पदों के लिए उपचुनाव शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। पांच विकासखंड में कुल 18 प्रत्याशी चुनावी मैदान में उतरे। मुहम्मदाबाद विकासखंड में दौलताबाद और जकरौली गांव में क्रमशः 57% और 53% मतदान हुआ। दौलताबाद में तीन और जकरौली में दो प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे।
सैदपुर के ताजपुर मोलना गांव में 1755 मतदाताओं में से 57% ने वोट डाला। यहां सुशीला देवी और निशा रंगोली के बीच मुकाबला था। बहरीयाबाद के मुबारकपुर गांव में सबसे अधिक 67.67% मतदान दर्ज किया गया। यहां चुनाव को रोचक बनाते हुए देवरानी-जेठानी और दो भाइयों के बीच सीधा मुकाबला था।
रेवतीपुर ब्लॉक के हसनपुरा गांव में 1757 में से 1065 मतदाताओं ने वोट डाला, जो 60.61% मतदान है। विकास खंड करंडा के गोशंदेपुर में दो वार्ड सदस्य पद के लिए चार प्रत्याशी मैदान में थे।
जोनल मजिस्ट्रेट और सेक्टर मजिस्ट्रेट ने पूरे दिन मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। मतपेटियों को सील कर स्ट्रांग रूम में रखा गया है। मतगणना 21 फरवरी को सुबह 8 बजे से ब्लॉक मुख्यालय में होगी।