Today Breaking News

सगाई के बाद बुलेट व धन की मांग पर अड़ा दूल्हा, बरात लाने से किया इनकार…दुल्हन के टूटे अरमान

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, कौशांबी. सगाई के बाद बरात के कुछ दिन पहले दूल्हे ने दहेज में बुलट व एक लाख की मांग कर कन्या पक्ष के लोगों को परेशान कर दिया। मांग पूरी नहीं होने पर दूल्हे से बरात लाने से इनकार कर दिया। इसे लेकर बिरादरी की पंचायत भी हुई, लेकिन दूल्हा अपनी जिद पर अड़ा रहा। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दिया है।
यह है पूरा मामला
करारी क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले एक व्यक्ति ने अपनी 20 वर्षीय बेटी का रिश्ता चरवा क्षेत्र के समदा गांव के रहने वाले गामा सरोज के लड़के सुखलाल से तय किया है। कुछ माह पहले सगाई की रश्म बड़े धूमधाम से पूरी की गई। 
लड़की के पिता ने सगाई में वर पक्ष को 25 हजार रुपये नगद, बर्तन ,जेवरात, महंगे कपड़े आदि उपहार में दिया। इसी माह बरात आनी थी। कन्या के पिता का आरोप है कि दूल्हे ने अचानक एक लाख रुपये व बुलेट बाइक की मांग कर दी। 

मांग पूरी नहीं होने पर उसने शादी से मना कर दिया। इसे लेकर पिछले दिनों बिरादरी की पंचायत हुई। पंचायत के बाद भी दूल्हा अपनी जिद पर अड़ा रहा तो पीड़ित पिता ने शुक्रवार को पुलिस से शिकायत की। इंस्पेक्टर विनीत सिंह का कहना है कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। छानबीन के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
 
 '