Today Breaking News

सर्दी की दस्तक! रात के साथ दिन का तापमान गिरा, पूर्वांचल के इन जिलों में बारिश के आसार

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. यूपी के मौसम में पिछले 24 घंटों के दौरान बड़ा बदलाव देखने को मिला है। पूर्वी यूपी के कहीं-कहीं बूंदाबांदी दर्ज की गई है। प्रदेश के झांसी मंडल में दिन का तापमान सामान्य से कम -1.6 डिग्री सेल्सियस से -3.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं मेरठ मंडल में सामान्य से अधिक +1.6 डिग्री सेल्सियस से +3.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सबसे अधिक अधिकतम तापमान प्रयागराज (पीबीओ) में 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
पिछले 24 घंटों के दौरान बरेली मंडल में रात के तापमान में वृद्धि हुई है। प्रदेश के कानपुर मंडल में रात्रि के तापमान सामान्य से काफी अधिक रहा है।

राज्य में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। अगले 24 घंटों के दौरान मौसम विभाग की कोई चेतावनी नहीं है।अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने की संभावना है। उसके बाद धीरे-धीरे लगभग 2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होगी। अगले 4 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है।

मौसम का मिजाज देख किसान चिंतित हो गए हैं। उन्हें बारिश होने की दशा में धान के फसल के बर्बाद होने की चिंता सताने लगी है। क्षेत्र में इस समय धान के फसल में बालियां लग गई है। और वह पकने की कगार पर है। तो कुछ स्थानों पर धान कटने की स्थिति में आ गया है, लेकिन मिट्टी गिली होने या रास्ता के अभाव में हार्वेस्टर खेत में नहीं जा पा रहा है। वहीं विगत तीन दिन से आसमान में बदली छाई हुई है और बारिश की संभावना नजर आ रही है। इससे किसान चिंतित हैं कि अगर बारिश हुई तो धान की पैदावार प्रभावित होने के साथ ही फसल की कटाई मंड़ाई में दिक्कत होने लगेगी।

अयोध्या में अब मौसम में बदलाव प्रतीत होने लगा है। रात के साथ ही दिन के तापमान में कमी आई है। सोमवार को लगातार तीसरे दिन तापमान सामान्य से कम रहा। वातावरण में सिहरन का भी आभास होने लगा है। विशेष रूप से सुबह के समय लोगों को सिहरन महसूस होने लगी है। एसी व कूलर की आवश्यकता भी अब नहीं के बराबर है। भूतल पर रहने वालों में एसी व कूलर का उपयोग लगभग बंद कर दिया है।

विज्ञानियों का कहना है कि अब तापमान में लगातार कमी आएगी। सोमवार को जिले के कुछ क्षेत्रों में हल्की वर्षा भी हुई। अगले एक-दो दिनों तक बादल छाए रहेंगे। हालांकि, वर्षा की संभावना नहीं है, लेकिन छिटपुट बूंदाबांदी हो सकती है।
'