Today Breaking News

ठंड आने वाली है...रात के बदलते तापमान से साफ, गाजीपुर में न्यूनतम तापमान 19 डिग्री

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. उत्तर प्रदेश में मौसम तेजी से बदल रहा है। ये बदलाव ठंडक का एहसास कराने लगा है। पिछले कुछ दिनों में तटवर्ती जिलों में तापमान में काफी गिरावट देखने को मिली है। साथ ही बाकी जिलों में भी न्यूनतम तापमान में कमी आई है। इसके साथ ही दिन के समय तेज धूप निकलने के चलते अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोत्तरी भी देखने मिल रही है। 
प्रदेश में न्यूनतम तापमान जहां 18 डिग्री तक पहुंच गया है, वहीं अधितकम तापमान 36 डिग्री तक पहुंच चुका है। वहीं मौसम वैज्ञानिक मो. दानिश ने बताया कि अभी सब साफ है। इसलिए अभी जैसा चल रहा है वैसा आगे भी जारी रहने वाला है।प्रदेश में अगले 24 घंटे में मौसम साफ रहने के आसार है। 19 अक्टूबर को प्रदेश के पश्चिमी व पूर्वी हिस्से मौसम शुष्क रहने की संभावना है। 

हालांकि इस दौरान प्रदेश के किसी भी हिस्से में किसी तरह की चेतावनी नहीं जारी हुई है। इसी तरह 20 और 21 अक्टूबर को प्रदेश के दोनों हिस्सों में मौसम में कोई बदलाव होने के आसार नहीं है। इसके साथ ही 22, 23 और 24 अक्टूबर को प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्से में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई गई है। इस तरह 19 अक्टूबर से लेकर 24 अक्टूबर के बीच प्रदेश में किसी तरह का अलर्ट नहीं जारी हुआ है।

लखनऊ से नोएडा तक तापमान में बदलाव का असर दिख रहा है। दिन में धूप खिलने के कारण नोएडा में अधिकतम तापमान 35 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है। हालांकि, रात का पारा 21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। कुछ यही हाल गाजियाबाद में भी रहने वाला है। दोनों शहरों में प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ता दिख रहा है।

वहीं, राजधानी लखनऊ में शनिवार का अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। थमी हवा के कारण शहर में प्रदूषण का स्तर बढ़ रहा है। शनिवार की सुबह ही एक्यूआई 234 रेकॉर्ड किया गया।

जिलों में तापमान की बात करे तो मेरठ में सबसे कम 18.4 डिग्री न्यूनतम और 34.4 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया है। इसी तरह कानपुर शहर में 18.8 डिग्री न्यूनतम और 35.2 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया है। मुजफ्फरनगर में 19 डिग्री न्यूनतम और 33 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया है। जबकि नजीबाबाद में 19.9 डिग्री न्यूनतम और 30.4 डिग्री अधिकतम तापमान रिकार्ड किया गया है।

गाजीपुर में 19.7 डिग्री न्यूनतम और 33.5 डिग्री अधिकतम तापमान रहा है। झांसी में 19.9 डिग्री न्यूनतम और 36.1 डिग्री अधिकतम तापमान रिकार्ड किया गया है। बाकी जिलों में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री से 24 डिग्री तक और अधिकतम तापमान 30 डिग्री से 36.6 डिग्री के बीच रिकार्ड किया गया है।
'