Today Breaking News

यूपी का दशहरा: इस जिले में बुलेट पर रावण को लेकर पहुंचीं सीता, महिला ने कहा- मेरा पति रावण...पति-सास का फोटो लगाकर पुतला दहन किया

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. यूपी में शनिवार को धूमधाम से विजयादशमी मनाई गई। रावण दहन की कुछ खास तस्वीरें और वीडियो भी सामने आए हैं। हमीरपुर में एक महिला ने अपने पति और ससुराल वालों की फोटो पुतले पर लगाकर दहन किया। महिला ने कहा- उसका पति आज का रावण है। उसका पति 14 साल से दूसरी महिला के साथ रहता है और उसके परिवार वाले भी उसका साथ देते हैं।
सहारनपुर में सीता का रोल निभा रही महिला बुलेट पर रावण को बैठाकर ग्राउंड में पहुंची। यह देख सब लोग हंसने लगे और तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा मैदान गूंज उठा। बुलेट पर संदेश लिखा था- महिला सशक्तिकरण, सीता भी कर सकती है रावण का हरण।

मेरठ में रामायण के राम व सांसद अरुण गोविल को रावण दहन करना था। उन्होंने तीन बार तीर चलाए, लेकिन तीनों बार निशाना चूक गया और रावण को तीर नहीं लगा। आखिर में सांकेतिक रूप से अरुण गोविल ने तीर छोड़ी और आयोजकों ने रावण के पुतले में आग लगाई। अयोध्या की रामलीला में डिजिटल रावण का दहन हुआ।

मेरठ कैंट के भैंसाली मैदान में रावण का दहन होना था। राम के रोल में सांसद और पर्दे के राम अरुण गोविल पहुंचे। पंडाल में पहुंचते ही जय-जय श्रीराम के जयकारे से उनका स्वागत किया गया। इसके बाद अरुण गोविल को रावण के पुतले के सामने थोड़ी दूरी पर बने मंच पर ले जाया गया।

यहां अरुण गोविल ने रावण को मारने के लिए तीर चलाया, लेकिन निशाना चूक गया। दूसरी बार भी कोशिश की, लेकिन लक्ष्य नहीं भेद सके। तीसरी बार फिर मुस्कुराते हुए प्रत्यंचा तानी और मानो अबकी लक्ष्य भेद ही देंगे, लेकिन फिर निशाना चूक गया। आखिर में आयोजकों ने कहा- आप सांकेतिक रूप से धनुष पर प्रत्यंचा चढ़ाकर अग्नि बाण चला दें। फिर अरुण गोविल ने ऐसा ही किया। तीर छोड़ी जो कुछ दूर जा गिरी, इतने में दूसरे लोगों ने रावण के पुतले में आग लगा दी।

हमीरपुर में महिला ने पति और ससुराल वालों की फोटो पुतले पर लगाकर दहन किया। महिला ने कहा- उसका पति रावण है। 14 साल से दूसरी महिला के साथ रहता है। उसके परिवार वाले भी उसका साथ देते हैं। मामला हमीरपुर जिले के मुस्करा थाना क्षेत्र का है। यहां प्रियंका ने अपने पति संजय दीक्षित और सास राजेंद्र कुमारी और ससुर नरेंद्र दीक्षित की फोटो को पुआल से बने तीन पुतलों पर लगाया फिर उनका दहन किया। प्रियंका ने बताया की मैं शादी के बाद सिर्फ एक साल अपने पति के साथ रही उसके बाद वो मुझे छोड़कर मुंबई चला गया।

प्रियंका ने भास्कर से बताया- उसकी शादी संयज दीक्षित के साथ 2010 में हुई थी। शादी के कुछ दिनों तक सब कुछ ठीक था। मुझे पता चला कि पहले भी संजय की शादी 2006 में कमल बंसल नाम की लड़की से हुई थी, जिसके साथ ये कुछ दिन रहे भी थे। 2008 में भी संजय की जालौन के पूंछ गांव की रहने वाली एक लड़की से सगाई हुई थी। जो पैसों की बात को लेकर टूट गई। हमारी शादी में संजय और उसके परिवार वालों ने 20 से 25 लाख रुपए की मांग की थी। मुझे जब इन बातों के बारे में पता चला तो मैंने संजय से पूछा तो हमारी लड़ाई होने लगी। 2013 में हम अलग हो गए। दो साल बाद संजय पुष्पांजलि नाम की एक महिला के साथ रहने लगा। पुष्पांजलि तलाकशुदा है, उसकी दो बेटियां भी हैं।

अयोध्या में फिल्मी सितारों की रामलीला समिति ने डिजिटल रावण का दहन किया। राम और रावण युद्ध के बाद रावण वध के प्रसंग का मंचन हुआ। राम की भूमिका निभा रहे वेद सागर ने बाण चलाकर रावण का वध किया। 72 फीट की स्क्रीन पर डिजिटल दहन के साथ रामलीला का समापन हुआ।


रामलीला समिति के अध्यक्ष सुभाष मलिक ने बताया- रावण दहन डिजिटल तरीके से किया गया, ताकि प्रदूषण न फैले। PM मोदी का भी संदेश है कि प्रदूषण कम से कम हो। इसी वजह से फिल्मी हस्तियों की रामलीला में डिजिटल रावण दहन किए। इस बार फिल्मी सितारों की रामलीला को लगभग 41 करोड़ से ज्यादा राम भक्तों ने देखा है। इस रामलीला में फिल्मी जगत के कई बड़े कलाकारों ने राम की लीला पर मंचन किया।

लखनऊ में दशहरे पर ऐशबाग के रामलीला मैदान में रावण दहन किया गया। 60 फीट ऊंचे रावण का दहन देखकर लोग जय श्रीराम के नारे लगाने लगे। रामलीला मैदान में दहन किए गए इस रावण का भव्य नजारा देख हर कोई उत्साह से भर गया। यहां लगा मेला और रंग-बिरंगी आतिशबाजी ने लोगों को खूब आकर्षित किया।

ऐशबाग के रामलीला मैदान में रावण दहन देखने लाखों की संख्या में लोग पहुंचे। शाम होते ही पूरा मैदान फुल हो गया। कई बड़े कलाकारों ने रामलीला का मंचन किया, इसके साथ ही रावण दहन किया गया। सुरक्षा के लिहाज से भी भारी पुलिस फोर्स तैनात थी। भीड़ को देखते हुए सुबह से कई रूट डायवर्ट कर दिए गए थे।
'