Today Breaking News

गाजीपुर में तेज रफ्तार का कहर, सड़क हादसे में दो लोगों ने गवांई जान

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसे में बाइक सवार इकलौते पुत्र सहित दो की मौत हो गई। घटना के बाद मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया। शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 
सुहवल थाना क्षेत्र के सब्बलपुर निवासी प्रदीप यादव (24) बाइक से सुगवलियां मामा के गांव जा रहा था। सुहवल- ढढ़नी मार्ग स्थित खजुहा गांव के पास अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में प्रदीप गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों ने घायल को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

मृतक के पिता श्रीकांत यादव ने सुहवल थाने में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया। दुर्घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट गया। दशहरा के पर्व की खुशियां मातम में बदल गई। सुहवल थानाध्यक्ष राजेश त्रिपाठी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वाहन चालक की तलाश जारी है।

उधर, दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के झोरिया स्टेट हाईवे पर रात 10. 30 झोरिया गांव निवासी राजनाथ यादव (25) अपने जीजा अशोक यादव को बाइक से लेकर घर जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात बाइक सवार ने उसे टक्कर मार दी। इससे पीछे बैठे अशोक यादव खेत में गिर गए। वहीं राजनाथ यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। जब तक लोग राजनाथ यादव को अस्पताल लेकर जाते रास्ते में उसकी मौत हो गई। 

पुलिस ने रात में शव को मॉर्च्यूरी हाउस भेज दिया। मृतक चार बहनों में इकलौता भाई था। वह बिहार राज्य के हाजीपुर लालगंज में एक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में ऑपरेटर के पद पर कार्य करता था। विजयदशमी के मौके पर घर आया था। घटना के बाद मां उर्मिला देवी सहित पूरा परिवार रोने बिलखने लगा। 

मृतक के जीजा अशोक यादव ने बताया कि बाइक सवार इतनी तेज रफ्तार में था कि हादसे में राजनाथ यादव के सिर में गंभीर चोटें आईं थीं। थानाध्यक्ष केपी सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर से मुकदमा दर्जकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अज्ञात बाइक सवार की तलाश की जा रही है।

नोनहरा थाना क्षेत्र के सुसुंडी गांव के उत्तरी छोर पर स्थित पोखरी में शनिवार को डूबकर एक किसान की मौत हो गई। सुसुंडी गांव निवासी राजेंद्र राम (50) खेती किसानी करते थे। वह घर से गांव के उत्तरी छोर स्थित पोखरी के पास शौच करने गए थे। पोखरी में पैर धो रहे थे इसी दौरान पैर फिसलने से वह पोखरी में डूब गए। इधर मृतक के घर की दो महिलाएं खेत की तरफ जा रहीं थीं। 

उन्होंने देखा कि पोखरी में राजेंद्र राम का शव उतराया है। महिलाओं के रोने की आवाज सुनकर ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को पोखरी से बाहर निकाला। राजेंद्र राम की मौत से पत्नी मीरा देवी, पुत्र रामानंद, शिवानंद, कौशल के साथ पुत्री चंदा देवी एवं वंदना का रो-रो कर बुरा हाल है। नोनहरा थानाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
'