Today Breaking News

सपा सांसद राजीव राय से CMS की हुई तीखी नोकझोंक, डॉक्टर बोला- नेतागिरी कहीं और करो

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. मऊ में जिला अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचे सपा सांसद राजीव राय की एक डॉक्टर से बहस हो गई। इस दौरान उनके साथ में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) भी थे। डॉक्टर, सांसद से कहते रहे- जाइए, जाकर अपनी इंफॉर्मेशन सही करिए। मुझ पर ब्लेम मत लगाइए। नेतागिरी मत करिए।
इस बात पर सांसद राजीव राय चिल्ला उठे। कहने लगे- तुम कैसे बात कर रहे हो मुझसे। डॉक्टर तो रोल मॉडल होते हैं। पढ़े-लिखे होते हैं। मैंने कोई ब्लेम नहीं लगाया। मैं तुम पर एफआईआर कराउंगा। CMS से कहा, इसे तुरंत सस्पेंड करिए।

दरअसल, सपा सांसद राजीव राय बुधवार दोपहर करीब 1 बजे अचानक जिला अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंच गए। उन्होंने ओपीडी के सभी डॉक्टरों के कक्ष का निरीक्षण किया। वहां मौजूद मरीज और तीमारदारों से भी बात की। इसके बाद अस्पताल के सिटी स्कैन सेंटर का भी निरीक्षण किया।

सांसद राजीव राय निरीक्षण करते हुए डॉ सौरभ त्रिपाठी के कक्ष में पहुंच गए। वह अभी कुछ बात कर ही रहे थे कि डॉक्टर ने सांसद से बदसलूकी शुरू कर दी। इस दौरान जिला अस्पताल के CMS डॉ. धनंजय कुमार सिंह भी मौजूद थे। इसके बावजूद डॉ सौरभ त्रिपाठी किसी की बात सुनने को तैयार नहीं हुए।

सांसद राजीव राय ने डॉ सौरभ त्रिपाठी से ड्यूटी पर आने का समय पूछा तो उन्होंने 8 बजे सुबह बताया। इस पर सांसद ने 11.30 बजे ड्यूटी पर आने का कारण पूछा, तो डॉ. सौरभ त्रिपाठी सांसद से भिड़ गए। काफी देर तक हुई बहसबाजी के बाद CMS और अन्य लोगों ने डॉक्टर को बमुश्किल शांत कराया।

डॉ सौरभ त्रिपाठी के खिलाफ लोगों से बदतमीजी करने की वजह से पहले भी सरायलखंशी थाने में मुकदमा दर्ज हो चुका है। इसके बावजूद बुधवार को उन्होंने सांसद राजीव राय से बदसलूकी की। सांसद ने तुरंत डीएम समेत उच्चाधिकारियों को पूरे मामले से अवगत कराया।

सांसद ने कहा- जिला अस्पताल के डॉ. सौरभ त्रिपाठी को इलाज की जरूरत है। वह जिला अस्पताल में बैठकर मरीजों का इलाज करने की स्थिति में नहीं है। डॉक्टर मानसिक रूप से ठीक नहीं है। उन्होंने CMS से तत्काल डॉक्टर के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने की बात कही है।

अब पढ़िए सांसद और डॉक्टर के बीच हुई पूरी नोकझोंक…
सांसद - डॉक्टर साहब आप सुबह नहीं थे क्या?
डॉक्टर- नहीं, मैं तो यहीं पर रहता हूं।

सांसद - हमें तो यह बताया गया है कि आप यहां 11 बजे आए हैं।
डॉक्टर - नहीं, हम तो यहां समय से आ गए हैं।

सांसद ने रजिस्टर की तरफ देखते हुए कहा - यह आज का है क्या?

डॉक्टर - जी हां।

सांसद - आप रोज कितने मरीज देख लेते हैं?
डॉक्टर- 100 प्लस मरीज हो जाते हैं।

सांसद ने रजिस्टर में देखते हुए कहा - अभी तक 110 मरीजों को देख लिया क्या आपने?
डॉक्टर - अभी केवल उतना नंबर लगा है।

सांसद- यह कैसे पता चलेगा कि अब तक आपने कितने मरीजों को देख लिया?
डॉक्टर- टेबल पर पर्चे रखे हैं, इससे पता चलेगा।

सांसद - रजिस्टर में नहीं लिखा होता है क्या कि अब तक कितने मरीज को देख लिया?
डॉक्टर- अब तक 50 से अधिक मरीजों को मैंने देख लिया है।

सांसद ने सीएमएस से कहा- यहां ऐसा कोई सिस्टम होना चाहिए, जिसको देखकर यह पता चले कि अब तक डॉक्टर ने कितने मरीज को देख लिया है।

सांसद - डॉक्टर आपकी ड्यूटी कितने बजे से है?

डॉक्टर - यहां 8 बजे से ड्यूटी है, लेकिन सभी लोग 10 बजे से बैठते हैं।

सांसद - हम लोग पढ़े-लिखे हैं और आप भी एक डॉक्टर हैं।
डॉक्टर- पहले आप अपना पूरा इन्फॉर्मेशन सही रखिए।

इस पर सांसद राजीव राय आगबबूला हो उठे। उन्होंने अंग्रेजी में कहा- व्हाट नॉनसेंस यू आर टॉकिंग। अब तुम मेरा इन्फॉर्मेशन चेक करवाओगे? देख रहे हैं सीएमएस साहब, यह कोई बात करने का तरीका है।

डॉक्टर - आप कैसे बोल रहे हैं?

सांसद - मैंने तुमको कुछ नहीं बोला है। आप डॉक्टर हो।

डॉक्टर - हिसाब में रहो और नेतागिरी बाहर जाकर करो। काम करने दो यहां पर।

डॉक्टर ने सीएमएस से कहा - इन सबको बाहर करिए।

सांसद ने सीएमएस से कहा - साइकोलॉजिकल टेस्ट के लिए डॉक्टर को भेज दीजिए।

सांसद- हाउ डेयर यू टॉक टू मी लाइक दिस? आई हैव स्टूडेंट लाइक यू।

सांसद - कौन गॉडफादर है आपका? यू आर नॉट फिट टू बी अ डॉक्टर।

सांसद- दिमाग ठीक है आपका? मुझे और किसी नेता की तरह मत समझना। मन बढ़ गया है बहुत ज्यादा। फर्स्ट यू लर्न द मैनर।
डॉक्टर- यह सब नेतागिरी बाहर जाकर करना, यहां नहीं।

सांसद- मैंने आपको कुछ नहीं बोला है और यह मेरे पेशेंस की परीक्षा ले रहा है।
डॉक्टर- आपने इतना सब कुछ बोल दिया है और कह रहे हैं कि अभी तक कुछ बोला ही नहीं।

सांसद- मेरे को बताओगे कि इन्फॉर्मेशन करेक्ट करके आओ, मैंने तो कोई ब्लेम नहीं लगाया था।
डॉक्टर- सारा कुछ आप ही बुलवा रहे हो और बोल रहे हो कि मैंने कुछ नहीं बोला है।

सांसद- कीप योर माउथ शट, इडियट। यू आर नॉट फिट टू बी ए डॉक्टर। तुम्हारा दिमाग खराब है, इस तरीके से बात करते हैं?
डॉक्टर रोल मॉडल होते हैं और तुम मेरे पेशेंस को टेस्ट किए जा रहे हो।

सांसद ने सीएमएस से कहा- इसको तुरंत नोटिस इशू करिए और सस्पेंड करिए।
'