Today Breaking News

बनारस से दिल्ली के बीच अब चलेगी 20 कोच वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन, जानें टाइमिंग

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, वाराणसी. वाराणसी से वाया प्रयागराज-नई दिल्ली के बीच चल रही 16 कोच की वंदे भारत एक्सप्रेस के स्थान पर अब 20 कोच की नई वंदे भारत चलेगी। यह भगवा रंग की होगी। 15 सितंबर की सुबह 11 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअली हरी झंडी दिखाकर इसे वाराणसी कैंट से रवाना करेंगे।
अभी वाराणसी से नई दिल्ली के बीच दो वंदेभारत चल रही हैं। एक सुबह छह बजे और दूसरी अपराह्न तीन बजे वाराणसी से रवाना होती है। इनका प्रयागराज में ठहराव सुबह 7.34 बजे व शाम 4.32 बजे होता है। दोनों वंदे भारत में से एक को बदलकर 20 कोच के रूप में चलाया जाएगा। यह मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलेगी। इसमें अब 16 कोच चेयर कार के और चार कोच एग्जीक्यूटिव कार श्रेणी के रहेंगे।

यात्र‍ियों की सुव‍िधा के ल‍िए ल‍िया गया फैसला
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए अब 20 कोच की नई वंदे भारत का संचालन किया जाएगा। दो दिनों में यह तय हो जाएगा कि नई वंदे भारत को दोनों पुरानी वंदे भारत में से किसके स्थान पर चलाया जाएगा। इसका नोटिफिकेशन जारी हो गया है।

आगरा कैंट-बनारस वंदे भारत भी भगवा रंग की होगी
उधर, आगरा से बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी को जोड़ने वाली आगरा कैंट-बनारस वंदे भारत भी भगवा रंग की होगी। 15 सितंबर को यह आगरा कैंट से सुबह 11 बजे चलेगी, कानपुर सेंट्रल पर अपराह्न तीन बजे पहुंचेगी। प्रयागराज जंक्शन पर इसका आगमन शाम 5.30 बजे होगा। स्वागत समारोह के बाद शाम 5.50 बजे बनारस के लिए रवाना होगी। उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशिकांत त्रिपाठी के मुताबिक ठहराव वाले स्टेशनों पर स्वागत की तैयारियां की जा रही हैं। 
'