Today Breaking News

गाजीपुर की तीन खिलाड़ियों ने जिले का नाम किया रौशन, पंजाब में आयोजित गतका खेल प्रतियोगिता में जीता कांस्य

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी के तीन खिलाड़ियों ने आठवीं राष्ट्रीय गतका खेल प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर जिले में पहली बार इस पारंपरिक खेल की उपस्थिती दर्ज कराई है। पंजाब के संगरूर जिले में 23 से 29 अगस्त तक आठवीं राष्ट्रीय गतका प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। एकेडमी के कोच अमित सिंह बंटी ने बताया कि गतका खेल दो या दो से अधिक खिलाड़ियों के बीच लाठी से लड़ने की एक शैली है। जिसमें लकड़ी की छड़ियों (सोती) का उपयोग तलवारों की नकल करने के लिए किया जाता है। यह महान सिख गुरुओं के सैन्य काल के दौरान सिख योद्धाओं के लिए आत्मरक्षा की बुनियादी तकनीकों में से एक थी। जिसे प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रीय खेलों में शामिल किया है।
गतका सिख गुरुओं से जुड़ी एक पारंपरिक मार्शल आर्ट है। इसमें तलवार और लाठी से युद्ध कौशल और आत्म नियंत्रण की शिक्षा दी जाती है। आठवीं राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के कुल 22 राज्यों की टीमों ने भाग लिया था। उत्तर प्रदेश टीम में चयनित गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी गैबीपुर की अल्का मौर्या, खुशी मोदनवाल और मोनी पाल ने अंडर 19 बालिका वर्ग के फारी सोती इवेंट में प्रदेश का नेतृत्व किया। इन खिलाड़ियों ने लीग मैच में आंध्र प्रदेश को और क्वाटर फाइनल में असम की टीम को हराया।
सेमीफाइनल में झारखण्ड को कड़ी टक्कर दी पर 10-33, 18-16, 22-31 का स्कोर बना पाए और कांस्य पदक प्राप्त करने में सफलता हासिल की। गतका एसोसिएशन उत्तर प्रदेश की सचिव स्निग्धा सिंह ने कहा कि राज्य संघ से मान्यता प्राप्त गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी के गतका खिलाड़ी उत्तर प्रदेश राज्य के गौरव है। प्रदेश कोऑर्डिनेटर दिलीप सिंह के संरक्षण में आगामी खेलो इंडिया यूथ गेम्स हेतु विशेष शिविर आहूत की जाएगी। गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी के प्रबंध निदेशक अमित कुमार सिंह ने अल्का मौर्या, खुशी मोदनवाल और मोनी पाल को सम्मानित किया।
'