Today Breaking News

गाजीपुर की ऋषिता राय ने जीता वुमेंस लीग में गोल्ड, मध्य प्रदेश के खिलाड़ी को हराकर किया कब्जा

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. सैदपुर के पिपनार गांव की अंतर्राष्ट्रीय ताईक्वांडो खिलाड़ी ऋषिता राय ने खेलो इंडिया वुमेंस लीग में स्वर्ण पदक जीतकर जिले का मान बढ़ाया है। इस उपलब्धि से खिलाड़ियों और क्षेत्रीय लोगों में हर्ष की लहर दौड़ गई है। लोग ऋषिता के घर पहुंचकर उसके परिजनों को शुभकामनाएं दे रहे हैं।
गुजरात के वडोदरा में चल रहे खेलो इंडिया वुमेंस लीग के दूसरे संस्करण में ऋषिता ने 62 किग्रा भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने कर्नाटक, दिल्ली, छत्तीसगढ़ और फाइनल में मध्यप्रदेश को हराकर स्वर्ण पदक पर कब्जा किया। ऋषिता ने अपनी ताईक्वांडो की शुरुआत सैदपुर के गैबीपुर स्थित गौतम स्पोर्ट्स अकादमी से की थी और वह अब तक छह बार राष्ट्रीय चैंपियन रह चुकी हैं।

ऋषिता का रिकॉर्ड भी शानदार है; वह 2022 में बुल्गारिया (यूरोप) में आयोजित जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। इन्हीं उपलब्धियों के लिए पिछले वर्ष प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें लखनऊ में सम्मानित किया था।

ऋषिता के कोच अमित कुमार सिंह ने बताया कि वह एक मेहनती और अनुशासित खिलाड़ी हैं, जिन्होंने कम समय में कई राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय पदक जीते हैं। वर्तमान में वह खेल कोटे से उत्तर प्रदेश पुलिस में भर्ती हो चुकी हैं और उनका अगला लक्ष्य विश्व चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में फिर से जगह बनाना है।

गाजीपुर ताईक्वांडो एसोसिएशन के चेयरमैन डा. मुकेश सिंह ने कहा कि ऋषिता के जनपद आगमन पर भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया जाएगा। जिले के लोग उसकी इस उपलब्धि पर गर्व महसूस कर रहे हैं।
'