Today Breaking News

सीएम योगी का ऐलान - उत्तर प्रदेश में एक लाख और पुलिस जवान भर्ती होंगे

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, वाराणसी.  सीएम योगी रविवार को वाराणसी और चंदौली के दौरे पर रहे। वाराणसी में भाजयुमो की कार्यशाला में योगी ने कहा- यूपी में अगले 2 साल के भीतर एक लाख पुलिस जवान भर्ती होंगे। कोई भेदभाव नहीं होगा।
उन्होंने कहा- कोई जाति या धर्म देश से बड़ा नहीं है। लेकिन, आप देख रहे हैं कि कैसे-कैसे षड्यंत्र हो रहे हैं। जिन्होंने सामाजिक ताने बाने को छिन्न-भिन्न किया, वो आज फिर से नकाब पहनकर गुमराह कर रहे हैं। जो लोग महापुरुषों का अपमान करते थे, वे आज वोट के लिए उनकी आरती उतार रहे हैं। कांग्रेस हो या समाजवादी पार्टी, जब भी इन्हें मौका मिला, उन्होंने देश की कीमत पर राजनीति की। यही फर्क है, वे देश की कीमत पर राजनीति करते हैं और हम देश के लिए राजनीति करते हैं।

वाराणसी के बाद योगी चंदौली पहुंचे। बाबा कीनाराम के 425वें जन्मोत्सव समारोह में उन्होंने कहा- संत और योगी सत्ता का गुलाम नहीं होता है। वह हमेशा राष्ट्र और समाज उत्थान के लिए काम करते हैं। संत और योगी कभी सत्ता के पीछे नहीं भागते।

सपा और कांग्रेस के कारनामों को कौन नहीं जानता। इन्होंने बाबा साहब भीमराव अंबेडकर का सामाजिक अपमान किया। सरदार वल्लभ भाई पटेल का अपमान किया। इन महापुरुषों को भारत रत्न न मिल पाए, इसके लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया। ऐसे लगता था जैसे भारत रत्न पर एक परिवार का अधिकार हो गया हो। उसी परिवार के लोगों को मिलना चाहिए, बाकी किसी को नहीं मिलना चाहिए। ये देश की कीमत पर राजनीति करते हैं, हम देश के लिए राजनीति करते हैं।

7 साल पहले यूपी की पहचान का संकट था
सत्ता हमारे लिए राष्ट्रनिर्माण और लोक निर्माण का साधन है। इसलिए हम यहां तक पहुंचने का प्रयास करते हैं। काम करने के बाद विरोधी कहते हैं कि उन्होंने कर दिया। लेकिन, हम तो सिर्फ माध्यम हैं। आज के युवा 7 वर्ष पहले के यूपी और अब के यूपी का अनुभव करते होंगे तो वह बदलाव देखते होंगे। सात साल पहले यूपी की पहचान का संकट था। युवा कहीं जाता था तो लोग भेदभाव से देखते थे। यूपी में तब अराजकता थी। बेटी सुरक्षित नहीं थी, व्यापारियों की हालत खराब थी। कोई निवेश नहीं करना चाहता था। सड़क से लेकर बिजली देने के लिए भेदभाव किया जाता था।

आप लोगों ने एक नया उत्तर प्रदेश देखा है। यूपी सम्मान प्राप्त कर रहा है। हमने यूपी के अंदर व्यापारी कल्याण बोर्ड के माध्यम से सभी व्यापारी को 10 लाख रुपए की सुरक्षा बीमा भी दिया है। उसे आश्वस्त किया है कि हम आपकी सुरक्षा का इंतजाम करेंगे। आप अपना व्यवसाय बढ़ाएंगे।

हमने साढ़े 6 लाख नौजवानों को नौकरी दी है। कल, शनिवार को 60 हजार पुलिस भर्ती परीक्षा संपन्न हुई है। एक साथ इतने नौजवान भर्ती होंगे। अगले दो वर्षों में हम लोग यूपी पुलिस में 1 लाख भर्ती करने जा रहे हैं। दो लाख सरकारी पद भरने जा रहे हैं। इसमें कोई भेदभाव नहीं होगा। हम जीरो टॉलरेंस की नीति के साथ काम करेंगे।

आज देश और विदेश का बड़ा निवेशक यूपी में निवेश करने आ रहा है। 2023 में जब हमने इन्वेस्टर समिट किया, तब यूपी में 40 लाख करोड़ रुपए के निवेश के प्रस्ताव प्राप्त हुए। इसका मतलब लगभग 1.5 करोड़ नौजवानों को नौकरी। पहले नौजवान मुंबई-हैदराबाद और विदेश में जाता था। आज उस नौजवान को प्रदेश में उसके जिले, उसके घर में नौकरी मिलेगी।

आज प्रदेश के सभी 75 जिलों में बिजली व्यवस्था है। याद करिए जब हम लोग 2017 में यूपी में आए थे, तब यूपी की जनसंख्या पहले नंबर पर थी और अर्थव्यवस्था के मामले में देश में 7वें नंबर पर थी। अब हम दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। विश्वास दिलाता हूं कि हम देश में नंबर वन की अर्थव्यवस्था वाला राज्य बनेंगे। युवा मोर्चा के कार्यक्रम में जब मैं आता हूं तो मुझे बहुत अच्छा लगता है क्योंकि लोग ओल्ड नहीं होते हैं।

काल भैरव और काशी विश्वनाथ मंदिर में की पूजा
कार्यशाला में योगी के अलावा प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल, भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह भी मौजूद हैं। काशी पहुंचे CM योगी ने सबसे पहले बाबा विश्वनाथ और काल भैरव मंदिर में पूजा की।
भाजपा के सदस्यता अभियान में भाजयुमो 15 लाख युवाओं को जोड़ेगी। भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष प्रांशुदत्त द्विवेदी ने बताया- छह प्रांत में हर एक को 2.50 लाख का लक्ष्य दिया गया है। पीएम के संसदीय क्षेत्र काशी प्रांत से इसका आगाज होगा।

उन्होंने बताया कि भाजयुमो की 1200 कार्यकर्ताओं की सदस्यता कार्यशाला तीन सेशन में हो रही है। पहले सेशन का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने किया। उन्होंने संगठन में सजगता और सक्रियता के टिप्स दिए। भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद तेजस्वी सूर्या दूसरे सत्र में युवाओं में जोश भरा। प्रदेश और देश में किए गए कामों और भाजपा में युवाओं की भागीदारी पर चर्चा की।

इसके अलावा संगठन में सदस्यता अभियान के जरिए हर व्यक्ति तक पहुंचने का मंत्र दिया। दूसरे सत्र को प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल संबोधित किया। इसके बाद समापन सत्र को CM योगी ने संबोधित किया।
'