Today Breaking News

CM योगी बोले- हिंदुओं के हत्यारे माफिया के लिए अखिलेश का छलका दर्द, बाबूजी की पुण्यतिथि पर चुप

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. लखनऊ में सीएम योगी ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा। कहा- सपा मुखिया के मुंह से श्रद्धेय बाबूजी की पुण्यतिथि पर एक शब्द नहीं निकला। जबकि सैकड़ों हिंदुओं के हत्यारे के लिए दर्द छलक गया। दुर्दांत माफिया (मुख्तार अंसारी) की कब्र पर फातिहा पढ़ने पहुंच गए। यही है इनका पीडीए।
योगी ने कहा- जातीयता का जहर घोलने वाले लोग सामाजिक ताने बाने को छिन्न भिन्न करने वाले हैं। अयोध्या में राम भक्तों का लहू बहाने वाला दिन काला दिन था। 6 दिसंबर, 1992 के दिन केंद्र की सरकार ने बाबूजी को गोली चलाने को कहा था।

उन्होंने मुख्यमंत्री पद को त्यागकर ऐसा नहीं किया। हिंदू धर्म कोई जाति, मत और मजहब नहीं है। ये भारत के एकात्मकता की गारंटी है। जब तक सनातन धर्म मजबूत रहेगा, कोई भी ताकत छिन्न-भिन्न नहीं कर सकती है। सीएम योगी लखनऊ इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित हिंदू गौरव दिवस कार्यक्रम में बोल रहे थे।

डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने फिर से सीएम योगी की तारीफ की। उन्होंने कहा- हमारे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में न राष्ट्र भक्ति से कोई समझौता है और न ही राम भक्ति से। अगर बाबूजी (कल्याण सिंह) मुख्यमंत्री न होते तो अयोध्या का कलंकित ढांचा कभी नहीं गिरता।

केशव ने कहा- बाबूजी ने उसी समय कहा था कि अगर कुर्सी जाती है तो जाए लेकिन राम भक्तों को खरोंच भी नहीं आने दूंगा। देश विरोधी शक्तियां संकरी हो रही हैं, क्या हमें उन्हें बढ़ने देना चाहिए? हर राम भक्त और राष्ट्र भक्त को बाबूजी की पुण्यतिथि पर प्रण लेना चाहिए कि विरोधी शक्तियों के जहर फैलाने का कोई असर नहीं होने देना है।

सीएम योगी ने कहा- अलीगढ़ में जन्मे बाबूजी ने चुनौतियों का मुकाबला किया। किसान, शिक्षक, स्वयंसेवक और भाजपा कार्यकर्ता के रूप में काम किया, फिर मुख्यमंत्री बने। उन्होंने शून्य से शिखर तक का सफर तय किया। बाबूजी कांग्रेस की दमनकारी नीतियों के खिलाफ आवाज उठाने वाले इंसान थे। वो दो बार यूपी के मुख्यमंत्री बने, फिर हिमाचल और राजस्थान के राज्यपाल के रूप में संवैधानिक पद का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया।

योगी ने कहा- कल्याण सिंह कोई व्यक्ति अचानक बन जाता है। कल्याण सिंह बनने के लिए चुनौती का मार्ग चुनना पड़ता है। त्याग और बलिदान करना पड़ता है। जब त्याग और बलिदान का जज्बा होता है, तो दुनिया की कोई ताकत आपको झुका नहीं सकती।

उन्होंने कहा- बाबूजी राम जन्मभूमि आंदोलन के मार्ग से तनिक भी नहीं हटे। लगातार उसके लिए काम करते रहे और परिणाम हमारे सामने हैं। जब रामलला विराजमान हुए तो पूरे भारत में जश्न मनाया गया, लेकिन इसकी शुरुआत तब हुई थी, जब बाबूजी ने कहा था कि सरकार जाए तो जाने दिया जाए. लेकिन राम भक्तों पर गोली नहीं चलाएंगे। सीएम ने कहा- आज हम हिंदू गौरव दिवस के रूप में बाबूजी की पुण्यतिथि मना रहे हैं, क्योंकि उनका जीवन भारत की राष्ट्रीयता के लिए समर्पित था।

2 दिन पहले भी डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने सीएम योगी की तारीफ की थी। मिर्जापुर में पीएम और सीएम को लेकर पूछा- दुनिया में मोदी जी जैसा कोई दूसरा नेता है क्या? प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी जी जैसा कोई मुख्यमंत्री है क्या? देश का हमारा नेता, दुनिया का शक्तिशाली नेता है। हमारे मुख्यमंत्री की तुलना जब देश के और मुख्यमंत्रियों से होती है तो हमें पीछे होना चाहिए कि सबसे आगे होना चाहिए?

इसके 2 दिन पहले केशव मौर्य ने 69 हजार शिक्षक भर्ती पर लखनऊ हाईकोर्ट के फैसले को लेकर यूपी सरकार को घेरा था। तब अखिलेश यादव ने उन्हें कृपापात्र उप मुख्यमंत्री बताया था। रविवार को भी केशव मौर्य से जुड़े सवाल पर अखिलेश ने चुटकी ली। उन्होंने कहा कि वे (केशव) कुछ नहीं हैं। वह क्या हैं, मुख्यमंत्री जी अगर उन्हें डांट दें तो चुप हो जाएंगे। सच्चाई है। मुझे किसी ने बताया है। नहीं मानते तो पता कर लीजिए।
'