Today Breaking News

गाजीपुर में 6 सेंमी प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा गंगा का जलस्तर, तटवर्ती इलाकों के लोग चिंतित

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में गंगा नदी के जलस्तर में तेजी से बढ़ाव देखने को मिल रहा है। पिछले कुछ दिनों से गंगा के जलस्तर में वृद्धि लगातार बनी है। बीते 24 घण्टे के भीतर ही गंगा के जलस्तर में करीब डेढ़ मीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। गाजीपुर में अभी गंगा खतरे के निशान से नीचे हैं। लेकिन भविष्य में संभावित बाढ़ की आशंका से तटवर्ती इलाकों में रहने वाले लोग चिंतित नजर आ रहे हैं। वर्तमान में गंगा सामान्य जलस्तर के ऊपर बह रही है।
जिला आपदा विशेषज्ञ अशोक राय ने बताया कि सुबह 8 बजे तक गंगा के जलस्तर गंगा का जलस्तर 60.560 मीटर है। गाजीपुर में 61.550 मीटर पर चेतावनी बिंदु है। जबकि सामान्य जलस्तर 59.906 मीटर पर है।

सिंचाईं विभाग के एक्सईएन राजेन्द्र प्रसाद ने बताया कि गंगा के जलस्तर में 6 सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से वृद्धि है। उन्होंने बताया कि सरयू के अलावा अन्य नदियों में बाढ़ है। उनका पानी गंगा में आने से नदी का जलस्तर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि अब गाजीपुर में गंगा के जलस्तर में लगातार वृद्धि देखने को मिलेगी।

अधिकारियों ने बताया कि पिछले 24 घंटे में गंगा के जलस्तर में तेजी से वृद्धि देखी गई है। गंगा के बढ़ते जलस्तर और आगामी दिनों में संभावित बाढ़ को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट मोड में आ चुका है। गंगा का पानी लगातार बढ़ता हुआ दर्ज किया जा रहा है। आने वाले दिनों में नदी के जलस्तर में और बढ़ोतरी होने का अनुमान लगाया जा रहा है। गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए लोगों को सतर्क कर दिया गया है।
'