Today Breaking News

UP Weather Update Today: उत्तर प्रदेश के 14 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, लखनऊ में सुबह से बरसात

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. उत्तर प्रदेश में मानसून जमकर बरस रहा है। लखनऊ में सुबह से बारिश हो रही है। मंगलवार को 30 जिलों में 6.7 MM बारिश हुई। सबसे ज्यादा कुशीनगर में 69 मिमी बरसात हुई। आज 14 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। 54 जिले में गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी की संभावना है।
24 घंटे में बारिश से जुड़े हादसों में 5 लोगों की मौत हो गई। प्रदेश के 10 जिले के 80 से ज्यादा गांव बाढ़ से प्रभावित हैं। बलिया में गंगा, बाराबंकी में घाघरा, सिद्धार्थनगर में राप्ती और गोंडा में क्वनो नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।

वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़कर 68.35 मीटर पहुंच गया है, जो कि खतरे के निशान से 3 मीटर नीचे है। नमो घाट, अस्सी घाट गंगा में डूबे हैं। गंगा आरती अभी भी छत पर हो रही है। मौसम विभाग ने बताया- अगले 24 घंटे में तापमान में गिरावट दर्ज होगी। अगले 3 दिन तक ऐसा ही मौसम रहेगा। मंगलवार को मथुरा सबसे गर्म जिला रहा। यहां तापमान 35.3°C रिकॉर्ड किया गया।

प्रदेश में 19 अगस्त तक 53 जिलों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। वहीं, 22 जिलों में सामान्य और सामान्य से ज्यादा बारिश हुई है। 1 जुलाई से अब तक 467 MM बारिश हुई है। जो कि नॉर्मल से 10 प्रतिशत कम है।
'