Today Breaking News

मिस इंडिया की लिस्‍ट में कोई दलित या आदिवासी नहीं...राहुल गांधी ने किया दावा

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, प्रयागराज. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को कहा कि उन्होंने पूर्व मिस इंडिया की सूची देखी है और उन्हें विजेताओं में कोई दलित, आदिवासी या ओबीसी महिला नहीं मिली। 90 प्रतिशत लोगों की भागीदारी के बिना देश नहीं चल सकता। कुछ लोग क्रिकेट या बॉलीवुड के बारे में बात करेंगे। कोई भी मोची या प्लंबर को नहीं दिखाएगा। यहां तक कि मीडिया के शीर्ष एंकर भी 90 प्रतिशत लोगों में से नहीं हैं। राहुल गांधी ने यहां 'संविधान सम्मान सम्मेलन' के दौरान यह टिप्पणी की और देशव्यापी 'जाति आधारित जनगणना' की मांग पर जोर दिया।
पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने देश की मुख्यधारा की मीडिया पर हमला करते हुए कहा, 'वे कहेंगे कि मोदीजी ने किसी को गले लगाया और हम महाशक्ति बन गए। जब 90 प्रतिशत लोगों की कोई भागीदारी नहीं है तो हम महाशक्ति कैसे बन गए?' लोकसभा में विपक्ष के नेता ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा कह सकती है कि वह जाति आधारित जनगणना की अपनी मांग से देश को बांटने की कोशिश कर रहे हैं। हम जानना चाहते हैं कि संस्थानों, कॉरपोरेट, बॉलीवुड, मिस इंडिया में कितने लोग 90 प्रतिशत से हैं। मैं केवल यह कह रहा हूं कि 90 प्रतिशत लोगों की 'भागीदारी' नहीं है।

राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि जितनी जिसकी आबादी है उसके हिसाब से पॉलिसी बनाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान की जो सच्चाई है, जो हकीकत है, जिसकी जितनी आबादी है उसके हिसाब से पॉलिसी बनाई जानी चाहिए। यदि लोगों की आबादी के हिसाब से नीतियां नहीं बनाई जाती हैं तो जरूरतमंदों को इसका कोई लाभ नहीं मिलेगा और पॉलिसी बनाने का कोई मतलब नहीं है।

राहुल ने कहा कि मेरा लक्ष्य संविधान को बचाना है। पहले राजा महाराजा के समय, जो मूड में आता था, कर देते थे। मोदी जी भी वही राजा महाराजा शहंशाह वाला मॉडल चलाना चाह रहे थे। मैंने उन्हें संविधान माथे पर लगाने के लिए मजबूर कर दिया। अगर कोई सोचे कि जातीय जनगणना को रोका जा सकता है तो मैं बता रहा हूं वो सपना देख रहा है। ना जातीय जनगणना रुकेगी, ना सोशल सर्वे रुकेगा, ना इंस्टीट्यूशनल सर्वे रुकेगा। सरकार को ये मान लेना चाहिए।

कांग्रेस नेता ने कहा कि अधिकांश आबादी को केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है। संविधान यह कहता है कि सभी नागरिक एक समान है और सभी को बराबर अधिकार मिलना चाहिए। जाति जनगणना संविधान को मजबूत करने का काम है। इसको दस प्रतिशत ने नहीं बनाया है। इसको सौ प्रतिशत ने बनाया है। इसकी रक्षा आप लोग करते हो। राहुल ने कहा कि मोदी जी को मैंने सुना आधा घंटा बोले। उनसे मैंने सवाल पूछा। आप आईटीआई में बढ़ई तैयार कर रहे हो। देश में लाखों बढ़ई हैं, उनसे आप क्यों नहीं तैयार करवा रहे हो। आपको नाई तैयार करना है तो यूपी के नाई से बोल दीजिए वो अपने दुकान में नाई की ट्रेनिंग दे देगा। देश मे दस लाख नाई तैयार करने हैं तो देश के नाई को पकड़ो, उससे कहो लो भइया नाई तैयार करो। छह माह में लाखों नाई तैयार हो जाएंगे।
'