Today Breaking News

बनारस में चल रहा था हुक्काबार, पुलिस ने मारा छापा तो मचा हड़कंप; 3 गिरफ्तार

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, वाराणसी. कैफे की आड़ में संचालित रहे अवैध हुक्का बार में पुलिस ने देर रात छापा मारा। तीन संचालकों को गिरफ्तार करते हुए बड़ी मात्रा में हुक्का, उसमें इस्तेमाल होने फ्लेवर युक्त तंबाकू को बरामद किया।
मौके पर मिले नाबालिगों की काउंसिलिंग करके अभिभावकों को सौंप दिया गया। अवैध हुक्का बार एक सप्ताह पहले ही खुले कैफे में संचालित किया जा रहा था।

चेतगंज एसीपी गौरव कुमार के अनुसार तेलियाबाग क्षेत्र में हुक्का बार संचालन की सूचना मिल रही थी। चेतगंज थाना प्रभारी डा. आशीष मिश्रा को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई। उन्हें जानकारी मिली कि तेलियाबाग स्थित श्री राम कटरा के दूसरे तल पर एक सप्ताह पहले शुरू हुए आई लव कार्टस कैफे में अवैध हुक्का बार संचालित हो रहा है।

इसमें नाबालिगों को तंबाकू युक्त धूम्रपान कराया जा रहा है। चेतगंज थाना प्रभारी ने टीम के साथ छापा मारा तो वहां कई नाबालिग हुक्का पीते नजर आए। इन्हें हुक्का में फ्लेवर युक्त तंबाकू दिया जा रहा था। पुलिस ने अवैध हुक्का बार संचालित करने के आरोप व शांति भंग की आशंका में चंदुआ छित्तूपुर के विशाल सोनकर, ध्रुव मौर्या, आदर्श नगर महमूरगंज के विजय विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर लिया। हुक्का बार से दस हुक्का और बड़ी मात्रा में फ्लेवर युक्त तंबाकू बरामद किया। हुक्का बार को सीज कर दिया गया।
'