Today Breaking News

गाजीपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, ससुराल वाले घर छोड़कर फरार

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के रेवतीपुर थाना क्षेत्र स्थित गौरीकापुरा में आज शनिवार को विवाहिता मंती देवी पत्नी अनिल यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जिसके चलते परिजनों में कोहराम मच गया।
हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के उपरांत पोस्टमॉर्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। घटना की छानबीन में जुट गई। विवाहिता की मौत के बाद गांव में पूरी तरह से सन्नाटा पसरा हुआ है।

इस घटना के मामले में मृत विवाहिता मंती देवी के पीड़ित पिता हरखन यादव निवासी भक्सी थाना दिलदारनगर ने दो जेठ एवं उनकी पत्नियों के खिलाफ घरेलू विवाद को लेकर अपनी पुत्री को जा‌न से मार डालने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। जिसके आधार पर पुलिस मे चारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

वहीं खुद के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने की जानकारी होते ही उक्त चारों आरोपी घर छोड़कर फरार हो गये हैं। जिनकी तलाश में पुलिस उनके हर सम्भावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। मगर अभी तक आरोपितों को दबोच पाने में पुलिस विफल रही है।

मृत विवाहिता के पिता हरखन यादव ने बताया आज से करीब चार साल पहले उसकी पुत्री मंती की शादी रेवतीपुर थाना क्षेत्र के कल्यानपुर गांव के गौरीकापुरा में हुई थी। बताया कि उसके शादी के बाद से ही उसकी पुत्री के दो जेठ व दोनों की पत्नियां घरेलू विवाद को लेकर मारपीट करते थे।

बताया कि उनकी पुत्री की मौत की सूचना ससुराल वालों (आरोपितों ) ने दिया। बताया कि आरोपितों ने उन्हें बताया कि उनकी पुत्री की तबीयत खराब है, जिसे अस्पताल ले गये जहां उसे डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पिता ने बताया कि जब वह आज शनिवार को पहुंचे तो देखा कि उनकी पुत्री का शव मर्चरी हाउस में रखा था।

थानाध्यक्ष भूपेन्द्र कुमार निषाद ने बताया कि पिडित पिता के तहरीर के आधार पर मृत विवाहिता के दो जेठ और उनकी पत्नियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शव को कब्जे में ले पोस्टमॉर्टम हेतु भेंज दिया गया है। बताया कि मौत कैसे हुई पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा।
'