Today Breaking News

परीक्षा देने गई महिला का रोने लगा बच्चा तो महिला सिपाहियों ने पिलाया दूध

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, आजमगढ़. आजमगढ़ जिले में पुलिस भर्ती परीक्षा के पांचवे दिन जिले में 11 परीक्षा केन्द्रों पर पुलिस भर्ती परीक्षा सकुशल आयोजित की गई। इसी क्रम में जिले के एसकेपी कॉलेज में आयोजित पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने आई महिला अपने बच्चे को घर से आए पुरूष के पास छोड़कर पुलिस भर्ती परीक्षा देने चली गई। कुछ देर बाद मासूम बच्चा रोने लगा।
मासूम बच्चे को जब घर से आए पुरूष नहीं चुप करा पाए तो वहीं पुलिस भर्ती की परीक्षा में ड्यूटी दे रही महिला कांस्टेबल सुधा सिंह और अनीता मिश्रा ने बच्चे को रोते हुए देखा तो मां का ममत्व उमड़ पड़ा। जिसके बाद दोनों महिला कांस्टेबल ने बच्चे को लेकर अपने गोद में झूला झुलाकर दूध पिलाकर चुप कराया। इसके साथ ही दूध पीते ही काफी देर से रो रहा बच्चा भी सो गया। ऐसे में महिला पुलिस कर्मियों ने अपनी ड्यूटी के साथ ही अपनी ममता का परिचय दिया है।

इस बारे में जिले के एसपी सिटी शैलेन्द्र लाल ने बताया कि जब पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान एसकेपी कॉलेज के निरीक्षण पर गया तो देखा कि दो महिला कांस्टेबल एक मासूम बच्चे को चुप कराने के साथ दूध पिला रही हैं। इस बारे में जानकारी की तो पता चला कि बच्चे की मां परीक्षा देने गई हैं और घर से बच्चे के साथ जो परिजन आए हैं वह बच्चे को चुप नहीं करा पा रहे हैं।

ऐसे में ड्यूटी कर रही महिला पुलिसकर्मी सुधा सिंह और अनीता मिश्रा से बच्चे की रूलाई देखी नहीं गई और दोनों पुलिसकर्मियों ने बच्चे को अपनी गोद में उठाकर झूला झुलाया और दूध पिलाया। यह घटना प्रेरक है जो कि मानवता के महत्व को समझाती है। एसपी सिटी शैलेन्द्र का कहना है कि महिला पुलिस कर्मियों ने अपनी ड्यूटी के साथ अपने ममत्व का भी फर्ज निभाया। इसके लिए दोनों महिला पुलिसकर्मियों के कार्यों की सराहना भी की।
'