Today Breaking News

बनारस में बाल झड़ने पर लड़की ने फंदे पर लटककर जान दी

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, वाराणसी. बनारस में बाल झड़ने से परेशान 20 साल की मैनेजर युवती ने सुसाइड कर लिया। बाल झड़ने से वह काफी परेशान थी। उसने कई घरेलू नुस्खे अपनाए और डॉक्टरों को भी दिखाया। इसके बाद भी बाल झड़ना बंद नहीं हुए। इससे वह डिप्रेशन में आ गई। मृतका के पिता ने कहा- मेरी बेटी काम पर जाती, तो उसके दोस्त कमेंट करते थे। कहते थे, कैसी लग रही हो? कुछ इलाज कराओ।
पुलिस ने बताया कि युवती का नाम श्रेया सिंह था। शुक्रवार को वह घर पर अकेली थी। छोटा भाई घर पहुंचा, तो उसे घर का मेन गेट खुला मिला। अंदर कमरे का दरवाजा बंद था। खिड़की से झांक कर देखा तो बहन श्रेया फंदे पर लटकी थी।

श्रेया का परिवार लमही में किराए के मकान में रहता है। पिता धनोज सिंह एक गुटखा कंपनी में काम करते हैं। उन्होंने बताया- बेटी के आगे से सिर के बाल झड़ते जा रहे थे। इसे लेकर वह काफी तनाव में थी। टीवी और मोबाइल पर आने वाले कई तरह के नुस्खों का इस्तेमाल किया। रिश्तेदारों और दोस्तों ने भी तरह-तरह के इलाज बताए। हम डॉक्टरों के पास भी गए, लेकिन बाल झड़ना कम नहीं हुआ। इसी तनाव में उसने सुसाइड कर लिया।

श्रेया के पिता ने बताया, वह मूल रूप से बलिया जिले के चितबड़ागांव थाना क्षेत्र के उसरौली गांव के रहने वाले हैं। पत्नी, 2 बेटी और एक बेटे के साथ लमही स्थित लालपुर प्रतिज्ञापुरी कॉलोनी में किराए पर रहते हैं। श्रेया पहड़ियां स्थित एक शॉपिंग मॉल में फ्लोर मैनेजर के पद पर काम करती थी। परिवार के सभी लोग प्राइवेट जॉब करते हैं। शुक्रवार को वह, उनकी पत्नी और बड़ी बेटी जॉब पर गए थे। छोटा बेटा भोला एक परिचित के यहां गया था। घर पर श्रेया अकेली थी।

पिता ने बताया- बेटी जब मॉल में जॉब करने जाती, तो उसके दोस्त उसे बाल झड़ने पर कमेंट करने लगे थे। इससे भी वह परेशान थी। बेटी ने कुछ दिन पहले ही बताया था कि पापा लोग आते-जाते समय भी मेरे बाल की तरफ देखते हैं। हालांकि, इसके बाद वह सिर पर कपड़ा बांधकर जॉब पर जाने लगी थी।
श्रेया की मौत के बाद घर में रोते-बिलखते परिजन।
छोटे भाई भोला ने बताया- शुक्रवार दोपहर 2.30 बजे जब मैं घर पहुंचा तो देखा, मेन गेट खुला था और कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। खिड़की से जब झांक कर देखा तो मेरी बड़ी बहन श्रेया सिंह फंदे से लटकी हुई थी।

इसके बाद मैंने सबसे पहले मकान मालिक और दूसरे किराएदारों को बुलाया। फिर डायल- 112 को सूचना दी। सूचना पर लालपुर पुलिस मौके पर पहुंची। प्रभारी निरीक्षक थाना लालपुर राजकुमार ने बताया- शव को कब्जे में ले लिया गया है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
'