Today Breaking News

गाजीपुर का जवान अकबर खान लेह में हुआ शहीद, परिजनों में पसरा मातम

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के जबुरना गांव निवासी सेना का एक जवान सैन्य अभ्यास के दौरान शहीद हो गया। सैन्य अधिकारियों के ने परिवार को घटना की सूचना दी। जानकारी होते ही परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। वही गांव में घटना को लेकर कोहराम मचा हुआ है।
शहीद जवान अकबर खान (28) पुत्र अख्तर खान इंजीनियरिंग विभाग से 2014 में बॉम्बे रेजीमेंट में भर्ती हुआ था। वर्तमान समय में वह लेह में सैन्य अभ्यास के लिए प्रशिक्षण ले रहा था। सैन्य अधिकारियों के द्वारा मिली सूचना के अनुसार पारिवारिक जनों ने बताया कि एक सैन्य अभ्यास के दौरान जवान अकबर खान हादसे का शिकार हो गए जिससे उनकी मौत हो गई।

सैन्य अधिकारियों ने बताया कि एक नदी के ऊपर पुल बनाने का अभ्यास किया जा रहा था। इस दौरान 6 जवान नदी में गिर गए। जिसमें पांच जवानों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया जिन्हें घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि अकबर खान शहीद हो गए।

शहीद जवान अकबर दो भाइयों में बड़ा था, 2 वर्ष पूर्व ही सेवराई तहसील क्षेत्र के सरैला गांव में दिलनशीन खातून से उनकी शादी हुई थी। जिससे उनका एक पुत्र ओरहान खान है। शहीद की पत्नी दिलनशीन खातून, छोटा भाई इसराफिल खान और मां आसमा खातून का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी होते ही गांव के लोगों के द्वारा घर पहुंच कर शोक संवेदना व्यक्त किया जा रहा है।
'