Today Breaking News

गाजीपुर में 4 सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा गंगा का जलस्तर

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा है। पिछले एक दिन से गंगा का जलस्तर बढ़ रहा है। जलस्तर में करीब 4 सेंटीमीटर प्रति घण्टा की बढ़ोतरी बनी है। जलस्तर चेतावनी बिंदु के करीब पहुँच गया है। यह अलग बात है कि गाजीपुर में अभी गंगा खतरे के निशान से नीचे हैं, लेकिन भविष्य में संभावित बाढ़ की आशंका से तटवर्ती इलाकों में रहने वाले लोग चिंतित नजर आ रहे हैं। आने वाले कुछ दिनों में गंगा के जलस्तर में और वृद्धि होने की संभावना बनी हुई है।

जिला आपदा विशेषज्ञ अशोक राय ने बताया कि सुबह 8 बजे तक गंगा के जलस्तर गंगा का जलस्तर 60.940 मीटर है। जो शाम 5 बजे तक बढ़ कर 61.260मीटर पहुँच गया। गाजीपुर में 61.550 मीटर पर चेतावनी बिंदु है। दूसरी बार गंगा के जलस्तर में बढ़ाव के बाद पिछले कई दिनों से गंगा का जलस्तर लगातार घट रहा था, लेकिन कुछ दिनों से गंगा के पानी में तेजी से बढ़ोतरी देखी जा रही है।
सिचाईं विभाग के एक्सईएन राजेन्द्र प्रसाद ने बताया कि बीते रात गंगा के जलस्तर में 4 सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से वृद्धि दर्ज की गई थी। वही आज दोपहर में यह रफ्तार बढ़कर 5 से 6 सेंटीमीटर प्रति घंटे की दर्ज की गई। जबकि शाम को यह स्पीड 4 सेंटीमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई। उन्होंने बताया कि गंगा और यमुना में पानी बढ़ा है जो अब गाजीपुर ओर बढ़ रहा है। अभी जिले के जलस्तर में और वृद्धि होने की पूरी संभावना बनी हुई है।
गंगा के बढ़ते जलस्तर और आगामी दिनों में संभावित बाढ़ को लेकर जिला प्रशासन एलर्ट मोड में आ चुका है। गंगा का पानी लगातार बढ़ता हुआ दर्ज किया जा रहा है। आने वाले दिनों में नदी के जलस्तर में और बढ़ोतरी होने का अनुमान लगाया जा रहा है। गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए लोगों को सतर्क कर दिया गया है। हालत अभी नियंत्रण में है और गंगा खतरे की निशान से नीचे है।
'