Today Breaking News

गाजीपुर में चेतावनी बिंदु के करीब पहुंचीं गंगा, तटवर्ती इलाकों में बढ़ने लगी दहशत

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में गंगा नदी के जलस्तर में वृद्धि की रफ्तार बढ़ गई है। जहां पिछले कई दिनों से गंगा एक सेंटीमीटर प्रति घण्टे की रफ्तार से बढ़ रही थीं, वही बीती देर रात से गंगा के जलस्तर में 2 सेंटीमीटर प्रति घंटा की रफ्तार देखी जा रही है। भविष्य में संभावित बाढ़ की आशंका से तटवर्ती इलाकों में रहने वाले लोग चिंतित नजर आ रहे हैं। यह अलग बात है कि गाजीपुर में अभी गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे हैं लेकिन चेतावनी बिंदु के करीब आ चुका है।

जिला आपदा विशेषज्ञ अशोक राय ने बताया कि सुबह 8 बजे तक गंगा के जलस्तर गंगा का जलस्तर 61.390 मीटर है। गाजीपुर में 61.550मीटर पर चेतावनी बिंदु है। वही सिचाईं विभाग के एक्सईएन राजेन्द्र प्रसाद ने बताया कि गंगा के जलस्तर में 2 सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से वृद्धि दर्ज की गई है।

गंगा के बढ़ते जलस्तर और आगामी दिनों में संभावित बाढ़ को लेकर जिला प्रशासन एलर्ट मोड में आ चुका है। गंगा का पानी लगातार बढ़ता हुआ दर्ज किया जा रहा है।

मालूम हो कि कुछ दिन पूर्व तक गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा था। तटवर्ती इलाकों में बाढ़ के हालात बन गए थे। सैकड़ो बीघे की खेती योग्य भूमि जहां जलमग्न हो गई थी वहीं कई संपर्क मार्ग भी डूब गए थे, लेकिन कुछ दिनों बाद गंगा का जलस्तर घटने लगा था। वहीं अब एक बार फिर गंगा के जलस्तर में बढ़ोतरी देखी जा रही है। फिलहाल प्रशासन संभावित बाढ़ को लेकर अलर्ट है।

'