Today Breaking News

गाजीपुर में चेतावनी बिंदु के पार बह रही गंगा नदी...बाढ़ की आशंका

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. ग़ाज़ीपुर में गंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा है। पिछले दो दिन से गंगा का जलस्तर बढ़ रहा है। जलस्तर में करीब 2 सेंटीमीटर प्रति घण्टा की बढ़ोतरी बनी है। कल तक यह रफ्तार 4 सेंटीमीटर प्रति घण्टा हो गई थी। ग़ाज़ीपुर में जलस्तर चेतावनी बिंदु के पार हो चुका है। यह अलग बात है कि गाजीपुर में अभी गंगा खतरे के निशान से नीचे हैं, लेकिन भविष्य में संभावित बाढ़ की आशंका से तटवर्ती इलाकों में रहने वाले लोग चिंतित नजर आ रहे हैं। आने वाले कुछ दिनों में गंगा के जलस्तर में और वृद्धि होने की संभावना बनी हुई है।
सिचाईं विभाग के एक्सईएन राजेन्द्र प्रसाद ने बताया कि बीते कल तक गंगा के जलस्तर में 4 सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से वृद्धि दर्ज की गई थी। वहीं रात से 2 सेंटीमीटर प्रति घंटे की स्पीड बनी हुई है। उन्होंने बताया कि गंगा और यमुना में पानी बढ़ा है जो अब गाजीपुर ओर बढ़ रहा है। अभी जिले के जलस्तर में और वृद्धि होने की पूरी संभावना बनी हुई है।

गंगा के बढ़ते जलस्तर और आगामी दिनों में संभावित बाढ़ को लेकर जिला प्रशासन एलर्ट मोड में आ चुका है। गंगा का पानी लगातार बढ़ता हुआ दर्ज किया जा रहा है। आने वाले दिनों में नदी के जलस्तर में और बढ़ोतरी होने का अनुमान लगाया जा रहा है। गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए लोगों को सतर्क कर दिया गया है। हालत अभी नियंत्रण में है और गंगा खतरे की निशान से नीचे है।
'