Today Breaking News

गाजीपुर में RPF के दो जवानों के न्यूड शव मिले, 100 मीटर की दूरी पर पड़ी थी दोनों की डेड बॉडी

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में आरपीएफ के 2 जवानों के शव मिले हैं। दोनों पंडित दीनदयाल उपाध्याय (DDU) जंक्शन से मोकामा के लिए ट्रेन से निकले थे। लेकिन, उनके शव गहमर थाना क्षेत्र में बकैनिया गांव के पास झाड़ियों में पड़े मिले। एक के शरीर पर कोई कपड़ा नहीं था, जबकि दूसरा जवान अर्धनग्न था।
मृतक जवानों की शिनाख्त गाजीपुर के देवैथा गांव निवासी जावेद खान पुत्र फिरोज खान और बिहार के प्रमोद कुमार के रूप में हुई है। प्रमोद भोजपुर (आरा) जिले के तरारी थाना क्षेत्र के करथ गांव का रहने वाला था। दोनों साथ में DDU जंक्शन पर दिखे थे। इसका CCTV भी सामने आया है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।

जावेद और प्रमोद को आज, मंगलवार सुबह 8 बजे बिहार के मोकामा में रिपोर्टिंग करनी थी। इसलिए दोनों सोमवार रात 12.50 बजे DDU स्टेशन से ट्रेन (संख्या 15631) बाड़मेर-गुवाहाटी एक्सप्रेस में सवार हुए। इस बात की पुष्टि स्टेशन पर लगे CCTV से हुई है। मोकामा से दोनों को दिल्ली पहुंचना था।

लेकिन, प्रमोद और जावेद मोकामा नहीं पहुंचे। इसकी सूचना मोकामा से डीडीयू RPF कमांडेंट को मिली। विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों ने दोनों मिसिंग जवानों के मोबाइल नंबर ट्रेस करते हुए खोजबीन शुरू की। लेकिन, कुछ पता नहीं चला।

मंगलवार सुबह करीब 10 बजे दोनों जवानों के शव देवकली और बकैनिया गांव के पास रेलवे ट्रैक के किनारे झाड़ियों में क्षत-विक्षत हालत में मिले। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। लेकिन, तत्काल शिनाख्त नहीं हो सकी। इस पर स्थानीय पुलिस ने शवों को लावारिस मानकर मॉर्च्युरी भेज दिया।

बाद में जब RPF जवानों के लापता होने की बात स्थानीय पुलिस को पता चली, तब शिनाख्त हो सकी। पुलिस ने बताया, जवान जावेद खान के चेहरे और हाथ पर गंभीर चोट लगी थी। वहीं, प्रमोद कुमार का शव पूरी तरह से नग्न अवस्था में ट्रैक किनारे झाड़ियों में पड़ा था। जावेद खान के भाई फैजान खान ने हत्या की आशंका जताई है। वहीं, मामले में RPF कमांडेंट जतिन विराज ने गहमर कोतवाली पुलिस के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। स्थानीय पुलिस और मौजूद ग्रामीणों से जानकारी ली।

जावेद की मां नजमा खातून और परिवार के अन्य लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। सभी मॉर्च्युरी पहुंचे हैं। जावेद खान 4 भाई और 5 बहनों में सबसे बड़ा है। उसकी 3 साल पहले बिहार के करारी निवासी गुलिस्ता खातून से शादी हुई थी। उसकी एक बेटी भी है। मानस नगर के RPF इंस्पेक्टर रंजीत कुमार ने बताया- गहमर कोतवाली क्षेत्र में रेलवे ट्रैक किनारे मिले दोनों शव RPF जवान जावेद खान और प्रमोद कुमार के हैं। मामले में RPF और स्थानीय पुलिस की मदद से छानबीन की जा रही है। हत्या को लेकर अभी कुछ कहा नहीं जा सकता।
'