Today Breaking News

गाजीपुर में सेना भर्ती की तैयारी के लिए दौड़ते समय अचानक गिरा युवक, मौत

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में दौड़ लगाते समय एक युवक की मौत हो गई। साथ में दौड़ रहे साथियों ने तुरंत परिजन को सूचित किया। मौके पर पहुंचे परिजन युवक को अस्पताल लेकर भागे जहां डाक्टर ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया।
मामला सैदपुर के खानपुर थाना क्षेत्र के भुजाड़ी गांव का है। मृत की पहचान अभिषेक यादव उर्फ गोलू (21) के रूप में हुई है। साथ दौड़ रहे दोस्तों ने बताया कि हम साथ में सेना की तैयारी कर रहे थे। साथ ही सभी दौड़ने आए थे।

दोस्तों ने बताया कि शनिवार सुबह सभी एक साथ दौड़ने आए थे। घास के मैदान में दौड़ते समय अभिषेक अचानक गिर गया। हमने तुंरत इसकी सूचना परिजन को दी। मौके पर सभी आए और गोलू को लेकर वाराणसी चले गए। वाराणसी में डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।

वहीं गांव में मौजूद कुछ लोग हार्ट अटैक बताते रहे, तो कुछ लोग मौत का कारण सर्पदंश को बताते रहे। मौत की सूचना पर परिजन में कोहराम मच गया। वहीं गांव में जवान युवक के मौत पर मातम पसरा हुआ है।

मौत के बाद परिजनों का मन नहीं माना और कुछ ग्रामीणों के सर्प काटने की आशंका जताने पर वह गोलू को लेकर, सर्पदंश की झाड़ फूंक के लिए मशहूर अमवा की सत्ती माता मंदिर चले गए। जहां कुछ देर तक गोलू की झाड़ फूंक के बाद भी वह ठीक नहीं हुआ। अंततः रोते बिलखते परिजन निराश होकर, गोलू के शव को लेकर वापस गांव आ गए। जहां आज गोलू के अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि मृतक युवक अभिषेक बहुत ही होनहार लड़का था। वह यूपीएससी की तैयारी कर रहा था। बीते एसएससी की परीक्षा में वह सफल भी हुआ था। गोलू अपनी तीन बहनों में इकलौता भाई था। घर के इकलौते पुत्र की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है।
'