Today Breaking News

विधायक बेदीराम मेरा नहीं, सपा का आदमी - ओमप्रकाश राजभर

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर ने पेपर लीक मामले में फंसे अपनी पार्टी के विधायक बेदी से पल्ला झाड़ लिया है। गुरुवार को उन्होंने कहा-बेदीराम सपा का आदमी है। सपा ने अधिकतर आदमी मेरे सिंबल से लड़वाए थे।
पेपर लीक मामले में बेदीराम को पेश होने का नोटिस मिलने से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा- बेदीराम के मामले में कोर्ट अपना काम कर रही है। बेदीराम कोर्ट जा रहे थे या नहीं मुझे जानकारी नहीं है।

दरअसल, लखनऊ की गैंगस्टर कोर्ट ने मंगलवार को भर्ती घोटाला मामले में सुभासपा के विधायक बेदी राम और निषाद पार्टी के विधायक विपुल दुबे के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया है। दोनों बीजेपी के सहयोगी दलों के विधायक हैं।

लखनऊ की गैंगस्टर कोर्ट के जज पुष्कर उपाध्याय ने दोनों विधायकों के अलावा 18 अन्य आरोपियों के कोर्ट में हाजिर नहीं होने पर वारंट जारी किया है। कोर्ट ने कृष्णानगर इंस्पेक्टर को 26 जुलाई तक गिरफ्तारी वारंट तामील करने के निर्देश दिए हैं।

बेदीराम गाजीपुर की जखनियां विधानसभा सीट से विधायक हैं। वह मूल रूप से आजमगढ़ के रहने वाले हैं। विपुल दुबे भदोही की ज्ञानपुर सीट से विधायक हैं। बेदीराम को सुभासपा अध्यक्ष और यूपी सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर का करीबी माना जाता है।

2006 में STF ने गिरफ्तार किया था
STF ने फरवरी 2006 में बेदीराम और विपुल दुबे को पेपर लीक मामले में अरेस्ट किया था। इस मामले में दोनों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट लगा था। STF ने आरोपियों के पास से रेलवे भर्ती ग्रुप डी की परीक्षा का प्रश्न पत्र बरामद होने का दावा किया था। जांच के बाद पुलिस ने चार्जशीट भी दाखिल की थी। कोर्ट ने बेदी राम और विपुल दुबे की हाजिरी माफी की अर्जी को भी खारिज कर दिया है।

फरवरी 2022 में विधानसभा चुनाव लड़ने के दौरान बेदी राम जो शपथ पत्र पेश किया था उससे सामने आया था कि विधायक पर राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश में रेलवे और पुलिस भर्ती पेपर लीक से जुड़े 8 केस दर्ज रहे हैं। बेदी राम पर दर्ज कुल 9 मुकदमों में आठ पेपर लीक से जुड़े हैं।

2009 में जयपुर में SOG ने रेलवे भर्ती पेपर लीक मामले में बेदीराम पर FIR दर्ज की थी। मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग का पेपर लीक कराने के मामले में भी STF भोपाल ने मामला दर्ज किया था। इसी तरह 2006 में रेलवे का पेपर लीक कराने के मामले में लखनऊ के कृष्णानगर में बेदीराम पर गैंगस्टर एक्ट लगा था।

2008 में रेलवे का पेपर लीक कराने में गोमती नगर में मुकदमा दर्ज हुआ था। फिर 2014 में पेपर लीक कराने के मामले में आशियाना में बेदीराम पर एफआईआर दर्ज हुई थी। इतना ही नहीं 21 अगस्त 2014 को यूपी एसटीएफ गैंगस्टर एक्ट में बेदी राम की लखनऊ व जौनपुर की 8 प्रॉपर्टी कुर्क कर चुकी है।

साल 2010 में भी जौनपुर के मडियाहू में बेदीराम पर पुलिस भर्ती पेपर लीक करने में एफआईआर दर्ज हुई थी। फिलहाल, पेपर लीक से जुड़े सभी आठ मामलों में पुलिस चार्जशीट लगा चुकी है। कोर्ट में आरोप तय हो चुके हैं।
'