Today Breaking News

सुसाइड लेटर में लिखा...पापा मेरी मौत का बदला जरूर लेना, दोस्तों को सब पता है

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, आगरा. आगरा में 20 साल के युवक नितिन ने फांसी लगाकर जान दे दी। मौत का जिम्मेदार गर्लफ्रेंड को ठहराया है। सुसाइड नोट में लिखा- पापा आप मेरी मौत का बदला जरूर लेना। मेरे दोस्त देबू और दीपक को सब पता है। उनसे पूरी जानकारी मिल जाएगी। दोस्तों ने बताया- नितिन की गर्लफ्रेंड अपने EX से बात करने लगी थी। मना करने पर भी नहीं मानी तो उसने ऐसा कदम उठाया।
6 महीने की दोस्ती...लव और सुसाइड
सदर के देवरी रोड के बाबूपुरम में अजीत सोलंकी का परिवार रहता है। अजीत सोलंकी जूता फैक्ट्री में सुपरवाइजर हैं। परिवार में पत्नी, बेटा और बेटी है। 20 साल का बेटा नितिन सोलंकी आगरा कॉलेज का छात्र था। नितिन की दयालबाग में रहने वाली एक लड़की से 6 महीने पहले मुलाकात हुई थी। दोस्ती प्यार में बदल गई। गुरुवार रात नितिन ने घर में फांसी लगा ली। शुक्रवार को शव का पोस्टमॉर्टम किया गया।

नितिन के दोस्त देबू ने बताया- लड़की के कहने पर ही नितिन ने आगरा कॉलेज में B.Sc में एडमिशन लिया था। लड़की ने ब्रेकअप के बाद नितिन को बॉयफ्रेंड माना। उससे शादी करने का भरोसा जताया। दोबारा Ex से बात न करने की कसम खाई। लेकिन, कुछ दिनों से लड़की अपने Ex बॉयफ्रेंड से बात करने लगी थी।

फोन पर लड़की की नितिन से बहस हुई
नितिन ने मना किया, लेकिन लड़की नहीं मानी। घंटों उसका फोन वेटिंग में जाता तो नितिन परेशान रहने लगा। देबू ने बताया- गुरुवार रात 11 बजे मैं, नितिन और दीपक साथ में थे। नितिन ने लड़की से फोन पर बात की। कुछ देर दोनों में बहस हुई। फिर नितिन ने फोन कट कर दिया।

देबू ने बताया- मैं और दीपक ने पूछा तो नितिन ने कुछ नहीं बताया। बस लड़की के धोखा देने की बात कही थी। इसके बाद हम लोग अपने घर आ गए। फिर आधी रात बाद नितिन ने घर में ही फांसी लगाकर जान दे दी। शुक्रवार सुबह घर वाले जागे, लेकिन काफी देर बाद भी नितिन बाहर नहीं आया तो उसे जगाने पहुंचे।

देखा तो कमरे में पंखे की कुंडी से उसका शव फंदे पर लटका था। घर वालों को पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है। नोट में लिखा- लड़की ने उसे धोखा दिया। उसकी मौत का जिम्मेदार लड़की और उसका दोस्त है, जिससे वह बात करती है। पापा आप मेरी मौत का बदला जरूर लेना। नितिन के परिजनों की तरफ से शनिवार दोपहर तक तहरीर नहीं दी गई। सदर कोतवाली पुलिस ने मोबाइल और सुसाइड नोट कब्जे में लिया है।
'