Today Breaking News

यूपी STF एनकाउंटर में मारा गया 1 लाख का इनामी शहाबुद्दीन गैंग का शूटर 'चवन्नी', AK 47 मिली

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, जौनपुर. जौनपुर में यूपी STF ने 1 लाख के इनामी बदमाश सुमित सिंह उर्फ मोनू चवन्नी को ढेर कर दिया। मंगलवार सुबह 4 बजे चवन्नी 2 साथियों के साथ बोलेरो से जा रहा था। इनपुट के आधार पर STF ने उसे रोका, तो उसने कार दौड़ा दी।
यह फोटो जिला अस्पताल की है। जहां उसे इलाज के लिए लाया गया था।
STF ने पीछा किया तो फायरिंग करने लगा। जवाबी फायरिंग में STF ने उसके मुंह पर गोली मार दी। STF उसे जिला अस्पताल ले गई। जहां उसकी मौत हो गई। चवन्नी के 2 साथी मौके से भाग गए।

STF ने शूटर से AK-47, 9-MM पिस्टल, बोलेरो और कारतूस बरामद किए। मऊ का चवन्नी सिंह भाजपा नेता की हत्या में वांटेड था। वह बिहार के शहाबुद्दीन गैंग का शूटर था। उस पर यूपी-बिहार में 24 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। इसमें 10 केस हत्या के हैं।

AK-47 से की ताबड़तोड़ फायरिंग
SP अजय पाल शर्मा ने बताया- STF और पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन में बदमाश को ढेर किया। हमें सूचना मिली थी कि चवन्नी शाहगंज की तरफ से आ रहा है। इनपुट के आधार पर टीम बदलापुर के पास पीली नदी के पुल पर पहुंची।

थोड़ी देर में चवन्नी बोलेरो से आया। उसे रोकने की कोशिश की गई, लेकिन वह भागने लगा। टीम ने उसका पीछा किया। चवन्नी कार में बैठकर ही AK-47 से ताबड़तोड़ फायरिंग करने लगा। जवाब में STF ने फायरिंग की। उसे गोली लग गई।
मौके से एक AK-47 भी बरामद हुई है।
यह देखकर उसके दोनों साथियों ने बोलेरो खड़ी की और अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए। STF चवन्नी को जिला अस्पताल ले आई। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बिहार के सिवान में 23 नवंबर 2014 को भाजपा सांसद के प्रतिनिधि श्रीकांत भारती की हत्या में भी उसका नाम आया था। STF के मुताबिक, चवन्नी सिंह सुपारी किलर था।

23 सितंबर, 2014 को चवन्नी ने बलिया के कारोबारी परशुराम तिवारी और उनके बेटे की हत्या की थी। वारदात के बाद चवन्नी ने कारोबारी की पत्नी से फोन कर कहा- अब मार दिए हैं तो क्या हुआ? माफ नहीं करोगी। गवाही मत दो नहीं तो सब मारे जाएंगे।
सुमित सिंह उर्फ मोनू चवन्नी की फाइल फोटो।
पांच से ज्यादा राज्यों में था ठिकाना
चवन्नी सिंह मूल रूप से यूपी में मऊ जिले के नरई इमलिया इलाके का रहने वाला था। वह इलाहाबाद के हिंदू हॉस्टल, छत्तीसगढ़, बिहार और जम्मू-कश्मीर समेत कई राज्यों में छिपकर वारदातों को अंजाम देता था।
'