Today Breaking News

6 बेटियों के बाप ने रचाई दूसरी शादी, दो- गर्लफ्रेंड भी हैं...पत्नी का आरोप- प्रेमिका भीख मंगवाने की देती हैं धमकी

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, वाराणसी. वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र में एक महिला उत्पीड़न का अजीबोगरीब केस सामने आया है। एक युवक ने अपनी दूसरी पत्नी के साथ मिलकर पहली पत्नी का हाथ तोड़ दिया। इसके साथ ही पति की दो गर्लफ्रेंड भी हैं, जो उसकी पत्नी से भीख मंगवाने की धमकियां दे रहीं हैं। अब पीड़िता की तहरीर पर सारनाथ पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच में जुट गई है।
सलारपुर थाना सारनाथ के रहने वाली गीता देवी ने बताया कि उनकी शादी 20 साल पहले मंगल चौहान के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही पति मंगल अक्सर उसके साथ मारपीट करता रहा। शादी के 9 साल बाद उसका मंगल मंचल नाम की दूसरी युवती के संपर्क में आया और दोनों में करीबियां बढ़ती गईं। कुछ दिन बाद वो उस महिला मंचल को लेकर फरार हो गया। बाद में वो उसी महिला के साथ जब घर आया तो, पहली पत्नी गीता के होश उड़ गए। मंगल के घर वालों ने दूसरी महिला से शादी करा दिए। पहली पत्नी गीता ने भरसक विरोध किया, लेकिन किसी ने एक न सुनी।

पीड़िता गीता ने बताया की उसकी 6 बेटियां हैं। अब क्या होगा उनका ? कहां जाएंगी वो ? गीता ने आगे कहा कि दूसरी शादी के बाद अब पति के साथ ही उसकी सौतन भी मारपीट में पूरा साथ देती है। गीता ने बताया कि उसके पति और सौतन ने 19 जुलाई को मिलकर काफी मारा पिटा था, जिसमें उसका दाहिना हाथ टूट गया था।

गीता ने बताया कि उसके पति मंगल का सरायमोहना इलाके की रहने वाली ज्योति नामक लड़की और भभुआ बिहार की रहने वाली शिवकुमारी नामक लड़कियों से भी अवैध संबंध है। ये दोनों गर्लफ्रेंड भी उसे सभी 6 बेटियों समेत घर से निकालने और भीख मंगवाने की धमकियां दे रहीं हैं।

पुलिस के समझने के बाद भी पति और सौतन ने किया प्रताड़ित

गीता ने अपने साथ हुई आपबीती सारनाथ थाने में सुनाई। पुलिस ने पति को समझाया तो उसने दोबारा ऐसा न करने की बात कही। दोनों में समझौता हो गया। लेकिन, गीता का आरोप है कि घर जाने के बाद पति और सौतन ने उसे फिर से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। गीता ने इसकी शिकायत अपर पुलिस उपायुक्त (महिला अपराध) ममता रानी चौधरी से की, जिसके बाद सारनाथ पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई है।
'