Today Breaking News

सिपाही ने खुद को मारी गोली...मरने से पहले बोला- गर्लफ्रेंड ब्लैकमेल कर रही

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजियाबाद. गाजियाबाद में EVM की सुरक्षा में तैनात सिपाही पम्मी ने मंगलवार रात सरकारी बंदूक से गोली मारकर जान दे दी। मरने से पहले सिपाही ने 3 मिनट का वीडियो बनाया। कहा- गर्लफ्रेंड ब्लैकमेल कर रही। मेरे पास सिर्फ मौत का ही रास्ता बचा है। मेरे मरने के बाद गर्लफ्रेंड को ऐसी सजा मिले, ताकि किसी और जिंदगी के साथ खिलवाड़ न कर सके। पुलिस ने गर्लफ्रेंड और उसके 2 दोस्तों के खिलाफ FIR दर्ज की है।
2018 बैच का सिपाही पम्मी मूल रूप से बुलंदशहर के औरंगाबाद अहीर गांव का रहने वाला था। उसकी मूल पोस्टिंग PAC में थी। अभी वह गाजियाबाद में मुरादनगर नगर पालिका कार्यालय के EVM स्टोर की सुरक्षा में तैनात था।

पम्मी के साथ एक और सिपाही ध्यान सिंह की भी ड्यूटी थी। मंगलवार रात 8 बजे ध्यान सिंह किसी काम से बाहर चले गए, तभी पम्मी ने सरकारी बंदूक से खुद को गोली मारी। उनकी मौके पर मौत हो गई। सूचना मिलते ही कई थानों का पुलिस फोर्स पहुंचा। देर रात पुलिस कमिश्नर अजय कुमार मिश्र ने क्राइम स्पॉट की जांच-पड़ताल की।

मरने से पहले बनाई वीडियो में सिपाही ने क्या कहा, पढ़िए...

सिपाही ने कहा- मैं 2 साल से इतना परेशान हूं कि अपने मन की बात किसी को नहीं बता सकता। मेरे गांव एक लड़की है। घर के सामने रहती है। उसने पहले मुझे फंसाया। अब 2 साल से मुझे ब्लैकमेल कर रही है।

गांव का एक लड़का अमित उसका साथ देता है। इस केस में 3 लोग मिले हैं। तीसरी गर्लफ्रेंड की सहेली है, जो मेरठ में रहती है। उसका नाम गुड्डन है। बाकी उसके बारे में कुछ नहीं जानता। 2 साल में मुझसे 6 लाख रुपए ऐंठ लिए हैं। अब भी पैसों की डिमांड आ रही है। मैं कुछ कहता हूं तो FIR करवाने और जेल भिजवाने की धमकी देते हैं।

सिपाही पम्मी ने कहा- मैं ठीक से खाना भी नहीं खा पा रहा। कोई लड़की पैसों के लिए अपनी इज्जत को दांव पर लगा सकती है, मैंने जिंदगी में पहली बार देखा है। मैंने पत्नी की ज्वेलरी बेचकर इन्हें पैसे दे दिए। फिर भी इन्हें शांति नहीं मिली।

अब बताओ, मैं पैसे इन्हें कहां से लाकर दूंगा? इस लड़की के पीछे मैंने एक बार जहर भी खा लिया था। मैंने उसके सामने हाथ-पैर जोड़े कि मुझे माफ कर दे, गलती हो गई, लेकिन उसने मेरी एक नहीं सुनी।

सबसे आखिर में सिपाही ने कहा- मैं किसी से क्या बताऊं? बस हाथ जोड़कर प्रशासन से एक बात कहना चाहता हूं कि इस लड़की को ऐसी सजा मिले, ताकि किसी के साथ जिंदगी में कुछ नहीं कर पाए। सरकार को ऐसा नियम कानून भी बना देना चाहिए, ताकि लड़कों को कुछ सहूलियत मिले।

पम्मी ने कहा- मेरे पास सिर्फ एक ही रास्ता है, वो है सिर्फ मौत। वो मानेगी नहीं, मेरे खिलाफ झूठी FIR करेगी। मेरी जिंदगी तो तब भी बेकार है। बस मैं आप लोगों से इतना ही कहना चाहता हूं...।

आरोपियों की गिरफ्तारी को दबिश दी जा रही
DCP ग्रामीण विवेक चंद यादव ने कहा- पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। मृतक जवान के परिजनों को सूचना दी गई है। शव का पंचनामा भरा गया है। क्राइम स्पॉट से एविडेंस कलेक्ट किए गए हैं। सभी कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।
'