Today Breaking News

गाजीपुर में तीन नगर पालिकाओं में सभासद पद का हुआ उपचुनाव, BJP प्रत्याशियों ने दर्ज की जीत

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में भारतीय जनता पार्टी ने नगर पालिका गाजीपुर, नगर पालिका जमानियां तथा नगर पालिका मुहम्मदाबाद के सभासद के एक-एक रिक्त पदों के हुए उप चुनाव के आज मतगणना में घोषित परिणाम में जीत का परचम लहराया।
गाजीपुर नगर पालिका के वार्ड संख्या-11 रायगंज से पिंकी सिंह ने अपने प्रतिद्वंद्वी को 234 मतों से परास्त कर जीत हासिल किया। यह सीट आज की विजेता पिंकी सिंह के पति अभय कुमार सिंह के निधन से रिक्त हुई थी।

वहीं जमानियां नगर पालिका के वार्ड संख्या 20, पठखौलिया से भाजपा के विकास जायसवाल ने 64 मतों से चुनाव जीतकर वार्ड में कमल लहराया है। मुहम्मदाबाद नगर पालिका के वार्ड संख्या-01 दक्षिण महाल से भाजपा प्रत्याशी रत्ना देवी ने अपने विपक्षी उम्मीदवार को 250 मतों से परास्त किया।

वार्ड सभासद के सभी तीन सीटों पर भाजपा की जीत पर हर्ष व्यक्त करते हुए जिलाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने विजयी प्रत्याशियों को शुभकामना व्यक्त करते हुए बधाई दिया। कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चल रही विकास प्रक्रिया को और मजबूती मिलेगी।

गाजीपुर रायगंज की विजेता उम्मीदवार पिंकी सिंह द्वारा जिलाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व में पं. दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया।

इस अवसर पर विनोद अग्रवाल रासबिहारी राय, कुंवर बहादुर सिंह, रामानुज राय, अभिनव सिंह छोटू, अजय कुशवाहा, सुनील गुप्ता, हेमंत त्रिपाठी, गर्वजीत सिंह, रामेश्वर तिवारी, विशाल चौरसिया, नितिन अग्रहरि, मीनू मौर्या, साधना राय, सोमेश मोहन राय, धर्मेश राय, अविनाश सिंह, निखिल राय, राजेश गुप्ता एवं तमाम कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

मुहम्मदाबाद नगर पालिका परिषद के वार्ड एक के सभासद चंदन सिंह के निधन होने से यह पद रिक्त चल रहा था। महिला के लिए आरक्षित सीट के लिए सोमवार 8 जुलाई को मतदान हुआ। चुनाव में भाजपा से रत्ना देवी व निर्दल विद्यावती देवी प्रत्याशी रही।

बुधवार को सुबह आठ बजे से मतगणना का कार्य शुरू हुआ। मोहम्मदाबाद के निर्वाचन अधिकारी खंड शिक्षा अधिकारी दीनानाथ साहनी की देखरेख में तहसील सभागार में एक टेबल पर मतगणना कार्य हुआ। दो राउंड हुए मतगणना के पश्चात कुल पड़े 796 मतों में कुल 766 मत वैध घोषित हुआ। वहीं तीन नोटा व 27 अवैध मिला।

चुनाव परिणाम घोषित होने पर भाजपा प्रत्याशी रतना देवी 508 मत व निर्दल विद्यावती देवी को 258 मत मिला। रतना देवी को 250 मतों से विजयी घोषित कर निर्वाचन अधिकारी दीनानाथ साहनी ने प्रमाण पत्र प्रदान किया।
'