Today Breaking News

बलिया जिले में शादी में हंगामा...कूलर को लेकर भिड़े बाराती, दुल्हन ने लौटाई बारात

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, बलिया.  बलिया में एक शादी समारोह में कूलर के सामने बैठने को लेकर बाराती आपस में भिड़ गए। विवाद बढ़ता देख लड़की ने शादी करने से इनकार दिया है। दोनों पक्ष के लोग बहुत देर तक लड़की को समझाते रहे लेकिन बात नहीं बनी।
देर रात तक चली पंचायत में जब फैसला नहीं हुआ तो लोगों ने पुलिस को बुलाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने समझाने का प्रयास किया। नतीजा न निकलने पर पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ चालान कर दिया। मामला नगर पंचायत चितबड़ागांव थाना क्षेत्र का है।

दूल्हा हुकुमचंद्र जायसवाल ने बताया कि हम सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के मुस्तफाबाद के रहने वाले हैं। केवल लड़की की खूबसूरती पर बगैर दहेज की शादी हो रही थी। लेकिन घराती और बराती में थोड़ा सा अनबन हुआ। जिसके बाद अब लड़की शादी करने से साफ इनकार कर रही है।

शादी की रस्म पूरी ही होने वाली थी। तभी बाराती आपस में कूलर के सामने बैठने के लिए विवाद कर लिए। जिसका खामियाजा मुझे भुगतना पड़ा। सभी ने मनाने का प्रयास किया लेकिन बात नहीं बनी। वहीं दुल्हन का मानना है कि अभी से झगड़ा शुरू हो गया तो घर जाने पर क्या होगा। ऐसे में ये शादी शुभ नहीं है मैं नहीं करूंगी।

आगे दूल्हे ने बताया कि हम तो शादी के लिए तैयार हैं। लड़की ही नहीं मान रही है। लड़की का कहना है उसके घर वाले जो भी सामान दिए हैं सब वापस दीजिए। लड़की के परिवार वाले भी मनाते रहे लेकिन वो नहीं मानी। झगड़ा दूसरे ने किया शादी से इनकार लड़की ने कर दिया।

बाराती बोला-कूलर को लेकर शुरू हुआ विवाद
एक बाराती ने बताया कि कल रात को बारात मैरिज हॉल में समय पर पहुंची। सभी बारातियों ने नाश्ता किया खाना भी खाया। दूसरी तरफ विवाह की सारी रस्में निभाई जा रही थी। सब कुछ हो चुका हो चुका था बस सिंदूरदान बाकी था।

कल रात गर्मी बहुत थी। हॉल में कहीं-कहीं कूलर लगाया गया था। गर्मी ज्यादा होने से सब कूलर के पास ही बैठना चाह रहे थे। तभी एक कूलर के सामने कुछ लोग बैठे थे। उनके पास कुछ और बाराती आए और कूलर के सामने से हटने को कहा।

एक बाराती ने कहा मैं नहीं हटूंगा। इसी बात को लेकर दोनों में कहा सुनी हो गई। कुछ और बाराती भी आपस में उलझ गए। लोगों ने समझा बुझाकर किसी तरह मामला शांत कराया। बात लड़की तक पहुंची तो उसने शादी करने से ही मना कर दिया।

रात भर पंचायत चली। लोग मनाने में जुटे रहे। लड़की अपने जिद पर अड़ी रही। हम लोग वापस आ गए। शादी नहीं हुई, किसी ने पुलिस को बुला लिया। पुलिस ने दोनों पक्ष को समझाया लेकिन कोई हल नहीं निकला।

दूल्हा शादी के लिए दुल्हन को समझाने का बहुत प्रयास किया की शादी विवाह में थोड़ा सा अनबन कभी-कभी हो जाता है। इसको बुरा मत मानिए शादी कर लीजिए, लेकिन दुल्हन दूल्हे की बात नहीं मानी और अपने जिद पर अड़ी रही।
बवाल बढ़ता देख किसी ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस आई और दोनों पक्षों को थाने ले गई। चितबड़ागांव थानाध्यक्ष प्रशांत चौधरी ने बताया कि दोनों पक्षों को बहुत समझाने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी और शादी टूट गई। अंत में शांति भंग करने के आरोप में दोनों पक्षों को 151 में चालान कर दिया गया है।
'