Today Breaking News

वंदे भारत एक्सप्रेस से मात्र 12 घंटे में दिल्ली से पहुंचेंगे हावड़ा, हाईस्पीड स्लीपर ट्रेन की तैयारियां

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, प्रयागराज. दिल्ली हावड़ा रूट पर अलग-अलग सेक्शन में 90 से 130 किमी प्रति घंटा की गति से ट्रेनें चल रही हैं। इसमें सबसे तेज गति राजधानी एक्सप्रेस (130 किमी प्रति घंटे) की है।
राजधानी से भी 17 घंटे से अधिक का समय लग रहा है लेकिन यह दूरी इससे कम समय में पूरी होने वाली है। यह होगा दिल्ली से हावड़ा के बीच प्रस्तावित स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन से। इससे लगभग 12 घंटे में यह यात्रा पूरी हो जाएगी। दिल्ली-हावड़ा रूट का सर्वाधिक हिस्सा उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल से होकर गुजरता है और इस रूट को इस समय 160 किमी प्रति घंटा की गति से ट्रेनों को चलाने के लिए अपग्रेड किया जा रहा है।

दो महीने में स्लीपर वंदे भारत की घाेषणा की है
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी दो महीने में स्लीपर वंदे भारत चलाने की घोषणा की है। एनसीआर के सीपीआरओ हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि वंदे भारत समेत अन्य ट्रेनों को 160 की गति से चलाने के लिए इस समय कवच से लेकर ट्रैक, तकनीक अपग्रेडेशन का कार्य चल रहा है। वंदे भारत को चलाने के प्रस्ताव पर अंतिम फैसला बोर्ड से होगा। हम एनसीआर परिक्षेत्र में संचालन की व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए तैयार हैं। 
'