Today Breaking News

इंतजार ख़त्म...उत्तर प्रदेश में हो गई मॉनसून की एंट्री, आज से अच्छी बारिश

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. मध्य प्रदेश से होता हुआ मॉनसून उत्तर प्रदेश के ललितपुर में दाखिल हो गया है। विभिन्न अंचलों में मानसून से पहले की बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि अगले दो से तीन दिनों में अच्छी बारिश हो सकती है। मॉनसून, अगले कुछ दिनों में पूरे प्रदेश में छा जाएगा। कई जिलों में आज से अच्छी बारिश की उम्मीद है। इससे पूरे प्रदेश को प्रचंड गर्मी से राहत मिलेगी। पूर्वी उत्‍तर प्रदेश के कई जिलों में बुधवार सुबह से बादल छाए हैं। बारिश का माहौल बना हुआ है। 
बादलों की आवाजाही के बावजूद लखनऊ का शहरी क्षेत्र मंगलवार को बारिश के लिए तरस गया। उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया। साथ ही तापमान भी 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार मानसून यूपी में प्रवेश कर चुका है। इसके असर से बुधवार से लखनऊ समेत अन्य इलाकों में वर्षा में तीव्रता आएग्री।24 घंटों में न्यूनतम तापमान 29.2 डिग्री रहा।

मानसून की अरब सागर की शाखा की अधिक सक्रियता है। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण पश्चिम मानसून ने बुंदेलखंड में प्रवेश किया। अमौसी स्थित मौसम केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार राजधानी लखनऊ में भी 26 जून के बाद वर्षा की तीव्रता में वृद्धि होने की संभावना है। उधर माल, मलिहाबाद समेत कई ग्रामीण क्षेत्रों में काफी बारिश हुई।

वहीं प्रयागराज में मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है। मंगलवार को 2.3 डिग्री सेल्सियस उछाल के साथ दिन का तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। गर्मी और उमस से लोग बेहाल रहे। वहीं रात लगभग 1215 बजे बादल बरस पड़े। शहर के कई क्षेत्रों में झमाझम बारिश से राहत मिली। सिविल लाइंस, तेलियरगंज आदि क्षेत्रों में एक बजे तक कभी तेज-कभी मध्यम गति से बारिश होती रही।

इससे पहले सोमवार की रात में बादल छाने से न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस से 3.5 डिग्री सेल्सियस उछाल के साथ 30.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। यह औसत से 3.1 डिग्री सेल्सियस अधिक था। रात के पारा में उछाल आने से शहरियों को भीषण गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा। लोग कूलर और पंखे के सामने बैठे फिर भी पसीने से तर-बतर हो जा रहे थे। मंगलवार को बादलों का लुकाछिपी का खेल दिनभर चला। इस दौरान दिन के तापमान में भी उछाल आया। 
यह सामान्य से 5.8 डिग्री सेल्सियस अधिक और सूबे में तीसरे स्थान पर था। 43.1 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ कानपुर और 42.3 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ वाराणसी का गर्म शहरों में प्रदेश में क्रमश पहला और दूसरा स्थान था। लखनऊ मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक मो. दानिश ने बताया कि एक जुलाई तक जनपद में बारिश के आसार हैं।
'