Today Breaking News

प्रेमी ने पति का रेता गला, पत्नी हाथ पकड़े रही; छत पर लेकर गई और हत्या करवा दी

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, उन्नाव. उन्नाव में पेंटर की हत्या उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी से गला रेतकर करवाई थी। वारदात के समय वह पति का हाथ पकड़े थी, जिससे वह विरोध न कर पाए। महिला का तीन साल से अफेयर चल रहा था। पति को यह बात पता चल गई थी। वह पत्नी पर रोक लगाने लगा था। उसे मिलने और बात करने को रोकता था। इसी वजह से पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति को मारने का प्लान बनाया।

रविवार को पुलिस ने पेंटर हत्याकांड का खुलासा करते हुए यह बात बताई। पत्नी के बार-बार बदलते बयानों से पुलिस को उस पर शक हुआ। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पहले तो टाल-मटोल करती रही, लेकिन सख्ती करने पर जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया- प्रेमी ने फरसे से पति की गर्दन रेत दी। मैंने उसका हाथ पकड़ रखा था। पुलिस ने पत्नी और प्रेमी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया। मामला मौरावां थाना क्षेत्र का है।

दिगपालगंज गांव के रहने वाले पेंटर बेचालाल कश्यप का घर की छत पर शुक्रवार रात खून से लथपथ शव मिला था। गले पर धारदार हथियार से रेतने के निशान थे। बेचालाल के पिता बिंदा प्रसाद ने तहरीर देकर अज्ञात पर हत्या का केस दर्ज कराया था। हत्याकांड की जांच कर रही पुलिस ने बेचालाल की पत्नी रेखा से जब पूछताछ की, तो वह बार-बार अपना बयान बदल रही थी। इससे पुलिस का शक उस पर और गहरा हो गया। फिर उसे हिरासत में लेकर थाने लाकर उससे पूछताछ की गई।

पुलिस की पूछताछ में पत्नी रेखा ने वारदात करना कबूल कर लिया। उसके बाद पुलिस ने रेखा के प्रेमी संजय कुमार कोरी को भवरेश्वर मंदिर के पास से गिरफ्तार कर लिया। संजय रायबरेली थाना बछरावां के सुदौली गांव का रहने वाला है। उसने बताया, 3 साल से उसका रेखा से अफेयर चल रहा है। संजय मिलने के लिए अक्सर रेखा के घर आता-जाता था। दोनों ने शादी करने की योजना बनाई थी।

पति बेचालाल विरोध करता था। रेखा से कहता था- मैं ऐसा नहीं होने दूंगा। तुमने मेरे साथ शादी की है, मेरा तुम पर हक है। उसने रेखा का घर से बाहर निकलना भी बंद करा दिया था। उसे ज्यादा किसी से बात नहीं करने देता था। इससे रेखा को लगने लगा कि उसकी शादी संजय से नहीं हो पाएगी। उसने यह बात संजय को बताई। इसके बाद दोनों ने बेचालाल को मारने का प्लान बनाया।

शुक्रवार रात चुपके से रेखा ने घर का दरवाजा खोल दिया। उस समय परिवार के दूसरे लोगों के अलावा बेचालाल भी सो रहा था। वह छत पर लेटा था। परिवार के अन्य लोग नीचे सो रहे थे। रेखा, अपने प्रेमी संजय को घर के अंदर ले गई। छत पर जाते ही संजय ने फरसा निकाल कर बेचालाल का गला रेतना शुरू कर दिया। साथ ही बेचालाल के मुंह पर हाथ रख दिया, जिससे चिल्ला न सके। रेखा ने उसका हाथ पकड़ा था, जिससे वह विरोध न कर सके।

बेचालाल के मरने के बाद रेखा कभी अपने पति का हाथ पकड़ती तो कभी पैर। जब उसको और संजय को यह यकीन हो गया कि बेचालाल मर चुका है तो चुपके से संजय घर से बाहर निकल आया। रेखा ने घर का दरवाजा बंद कर दिया और अंदर आकर सो गई। पुलिस ने हत्यारोपियों की निशानदेही पर फरसा भी बरामद कर लिया है।

'