Today Breaking News

गाजीपुर के किसानों को नहर में पानी का इंतजार

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर की सबसे लंबी नहर सैदपुर नगर स्थित चौधरी चरण सिंह देवकली पंप नहर कैनाल है। जिसके सहारे सैदपुर क्षेत्र सहित जनपद के कई तहसील क्षेत्र के हजारों किसान धान और गेहूं की खेती करते हैं। क्षेत्र के किसानों की धान की नर्सरी, लगभग तैयार हो चुकी है। लेकिन अभी तक नहर में पानी नहीं छोड़ा गया है। जिससे किसानों में चिंता व्याप्त है।
बता दें की सैदपुर नगर के जौहरगंज के पास गंगा नदी के किनारे देवकली पंप नहर कैनाल स्थित है। जिसके मुख्य नहर की लंबाई लगभग 40 किलोमीटर है। इसके सभी रजवाहा और माइनर सहित नहर की कुल लंबाई लगभग 590 किलोमीटर है। जो जनपद की सबसे लंबी नहर है। इससे सैदपुर, सादात, मनिहारी, देवकली, जखनियां, विरनों, मरदह, कासिमाबाद, एवं वाराचवर विकासखण्ड के हजारों किसान लाभान्वित होते हैं। उपरोक्त क्षेत्र के किसानों के खेतों की सिंचाई के लिए यह बेहद महत्वपूर्ण है।

इससे लाभान्वित होने वाले क्षेत्र के किसान सरकारी अथवा निजी नलकूपों के माध्यम से धान की नर्सरी तैयार कर उसे रोपने के लिए नहर में पानी आने का इंतजार कर रहे हैं। लेकिन अभी तक नहर विभाग द्वारा देवकली पंप नहर कैनाल में पानी नहीं छोड़ा गया है। जिसके कारण, किसानों में चिंता व्याप्त है कि अगर समय से पानी नहीं मिला, तो धान की खेती पिछड़ सकती है। कुछ किसानों ने बताया कि नहर पर तैनात सिविल विभाग के कर्मचारियों से कई बार नहर में जल्द पानी छोड़े जाने की बात कही जा चुकी है। लेकिन अभी तक नहर में पानी नहीं छोड़ा गया।

देवकली पंप नहर पर तैनात सहायक इंजीनियर संजय कुमार ने बताया कि हमारी तैयारी पूरी है। सभी आठ पंप वेल मेंटेंन है। कुछ छोटे-मोटे काम है, जो लगभग पूरे हो चुके हैं। सिविल विभाग से जैसे ही पानी की डिमांड की जाएगी, नहर में पानी चालू कर दिया जाएगा। वैसे सुनने में आया है कि आगामी सोमवार को सिविल विभाग धान की खेती के मद्देनजर पानी की डिमांड करेगा। जिसके एक-दो दिन में नहर चालू कर दिया जाएगा।

सिविल विभाग के कर्मचारी संतोष कुमार ने बताया कि कुछ दिनों से कुछ-कुछ डिमांड आ रही है। जिसके आधार पर अगले एक-दो दिनों में नहर में पानी की डिमांड की जाएगी। उम्मीद है कि अगले सप्ताह हर हाल में नहर में पानी छोड़ा जाएगा। किसान चिंता ना करें, जल्द ही नहर में पानी होगा।
'