Today Breaking News

शादी के लिए तैयार होने ब्यूटी पार्लर गई दुल्हन की गोली मार कर हत्या, शादी की खुशियां मातम में बदली

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, झांसी. झांसी में रविवार रात को ब्यूटी पार्लर के अंदर दुल्हन की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह शादी के लिए तैयार होने आई थी। शादी से चंद घंटे पहले उसके गांव का एक युवक ने गोली मार दी। गांव के लोगों के मुताबिक, युवक एक तरफा प्यार करता था। ब्यूटी पॉर्लर में उसने दुल्हन को साथ चलने के लिए कहा।
दुल्हन के मना करने के बाद तमंचे से सीने में गोली मार दी। पार्लर में मौजूद महिलाओं को गोली मारने की धमकी देते हुए आरोपी भाग गया। पूरी घटना सीपरी बाजार की है। पुलिस ने आरोपी की फोटो जारी कर लोगों से गिरफ्तारी में हेल्प मांगी है।

मध्य प्रदेश के दतिया जिले के सोनागिर इलाके में गांव बरगाय के रहने वाले राजकुमार अहिरवार की बेटी काजल (20) है। पड़ासी दीपक अहिरवार से उसकी बातचीत होती थी। दीपक उसको पसंद करता था और शादी करना चाहता था। मगर, काजल और उसका परिवार शादी के लिए राजी नहीं था।

परिजनों ने काजल की शादी झांसी के चिरगांव के सिमथरी गांव में रहने वाले राज से तय कर दी। रविवार को दोनों की शादी झांसी के खोडन में स्थित निशा गार्डन में होनी थी। इसके लिए काजल अपने परिवार के साथ रविवार शाम को ही मैरिज हॉल में पहुंच गई थी।

बोला- मेरी नहीं हुई तो किसी की नहीं होने दूंगा

निशा गार्डन से करीब 200 मीटर दूर आन्या’s सैलून स्थित है। यहां काजल शाम करीब 5 बजे शादी के लिए तैयार होने पहुंचती है। साथ में उसकी 4 चचेरी बहन नेहा, मुस्कान, वंदना और अनुष्का भी थीं। नेहा और अनुष्का ने बताया- रात करीब 10 बजे दीपक आया। उसने सीधे ब्यूटी पार्लर का गेट खोला और काजल से बातचीत करने लगा।

बोला- मेरे साथ चलो। काजल ने मना कर दिया। इस पर पार्लर चलाने वाली महिला ने दीपक को बाहर कर दिया और अंदर से गेट बंद कर दिया।

दुल्हन की मौत के बाद विलाप करती मां रानी और अन्य महिलाएं।

नेहा ने बताया- उन्हें बाहर से दीपक के चिल्लाने की आवाज सुनाई देती रही। कुछ देर में उसने दरवाजे का शीशा तोड़ दिया। धमकी देने लगा- तुम मेरी नहीं हुईं, तो किसी और की होने नहीं दूंगा। इसके बाद उसने काजल पर दो गोली चला दी। जो काजल के सीने में जा लगी और वह नीचे गिर गई। नेहा ने बताया- फिर वो हम लोगों को गोली मारने की धमकी देने लगा। हम बहुत ज्यादा डर गए। दीपक धमकी देते हुए अपने दोस्त के साथ भाग गया। इसके बाद आस-पास के लोगों और भाइयों को सूचना दी। तब वह लोग आए और काजल को अस्पताल ले गए।

काजल के परिजनों का कहना है- दीपक ने उन लोगों को पहले से धमकी दी हुई थी। उसके खौफ की वजह से ही वह लोग दतिया के बजाय झांसी में आकर शादी कर रहे थे। उसने धमकाते हुए कहा था- वह काजल की शादी होने नहीं देगा। परिवार वाले भी इस वजह से उससे खौफ में थे। खोड़न में काजल के रिश्तेदार रहते हैं। उन्होंने ही यहां गेस्ट हाउस आदि का इंतजाम कराया था, लेकिन इसकी भनक किसी तरह दीपक को लग गई और वह रविवार शाम को दोस्तों के साथ झांसी पहुंच गया। लोागों ने शाम करीब 5 बजे ही गार्डन के पास दीपक को देखा था।
दुल्हन की मौत के बाद विवाह घर में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
दुल्हन काजल को गोली लगने की खबर जैसे ही विवाह घर में पहुंची, वहां मातम छा गया। परिवार के लोग तुरंत मेडिकल कॉलेज की ओर भागे। मां रानी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और रोते हुए बार-बार बेहोश हो रही थीं। मां रानी रोते हुए अपनी बेटी को वापस लाने की बात कह रही थी। दीपक को भी वह कोस रही थी।

काजल को खून से लथपथ देखकर नेहा की हालत भी खराब हो गई। अनुष्का और वंदना भी अचेत होकर गिर गईं। उनको भी अस्पताल ले जाना पड़ा। दुल्हन की मौत के बाद बारात बीच रास्ते से ही वापस लौट गई। काजल तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर की थी। उससे बड़ा भाई विकास है, जबकि छोटे भाई विशाल है। काजल ने नौवीं के बाद पढ़ाई बंद कर दी थी। पिता राजकुमार खेती-किसानी करते हैं।

2 पुलिस टीमें मध्य प्रदेश भेजी गई
एसएसपी राजेश एस. का कहना है- शादी से कुछ घंटे पहले ही दुल्हन की गोली मारकर हत्या की गई है। आरोपी दीपक पीछा करते हुए झांसी आया था। दीपक को गिरफ्तार करने के लिए 2 पुलिस टीमें दतिया भेजी गई हैं। जहां-जहां रिश्तेदार हैं, वहां भी छापेमारी की जा रही है। जल्द गिरफ्तारी हो जाएगी।
'