Today Breaking News

बनारस में भाजपा पार्षद ने महिला को लात घूसों से पीटा

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, वाराणसी. वाराणसी में BJP पार्षद ने एक महिला की जमकर पिटाई कर दी। वह दुर्गाघाट मोहल्ले में विकास कार्य देखने गई थीं। वहां एक मकान की दीवार को हटाने के लिए कहा। इस पर केयर टेकर महिला ने विरोध किया। पार्षद ने महिला को पीटना शुरू कर दिया। वह लगातार उसके चेहरे पर तमाचे मारती जा रही थीं। साथ ही लात-घूसे भी बरसा रही थीं।
महिला अपना बचाव करने की कोशिश कर रही थी। वह कह रही थी- छोड़ दो। लेकिन पार्षद किसी की सुन नहीं रही थीं। इस पूरी घटना का किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। मामला बिंदु माधव वार्ड का है।

BJP पार्षद के पति मंडल अध्यक्ष हैं

पिटाई के बाद पीड़िता अर्चना सेठ कोतवाली पहुंची और तहरीर दी। अर्चना सेठ ने आरोप लगाया कि विनयकांत शाह और सरिता शाह NRI हैं। उनकी जमीन पर हम केयर टेकर हैं। इस जमीन पर भाजपा पार्षद कनक लता मिश्रा और उनके पति नलिन नयन जबरन सीवर लाइन बिछाना चाहते हैं। उनकी नीयत इस मकान पर कब्जा करने की है। इसके चलते लगातार मुझे यहां से खाली कराने की धमकी दे रहे हैं। यह पहली बार नहीं है। इससे पहले भी कई बार दबाव बनाया गया।

बता दें, BJP पार्षद के पति नलिन नयन मिश्रा काशी विश्वनाथ भाजपा के मंडल अध्यक्ष हैं। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया- सत्ता पक्ष के नेताओं और जनप्रतिनिधियों की धौंस दिखाकर भाजपा पार्षद कनक लता मिश्रा और उनके पति नलिन नयन मिश्रा मनमानी पर उतारू हैं।

भाजपा पार्षद के महिला को पीटने के बाद कांग्रेस कमेटी ने मोर्चा खोल दिया। जिला एवं महानगर कमेटी ने भाजपा पार्षद कनक लता मिश्रा और उनके पति भाजपा मंडल अध्यक्ष नलिन नयन मिश्रा के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।

महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष अनुराधा यादव और महानगर अध्यक्ष महिला कांग्रेस पूनम विश्वकर्मा ने कहा, भाजपा पार्षद कनक लता मिश्रा ने गुंडों की तरह महिला को लगातार पीटा है। यही भाजपा का असली चेहरा है। दोनों पति-पत्नी की गुंडई से पूरा वार्ड परेशान है। भाजपा सरकार की वजह से पति-पत्नी की गुंडई चरम पर है। कांग्रेस आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग करती है। जब तक आरोपियों को सजा न हो, पीड़िता को पूरी सुरक्षा दी जाए।

पार्षद बोलीं- अपना बचाव में मैंने उनको पीटा
पार्षद कनकलता मिश्रा ने बताया- जलकल के अधिकारी पाइप लाइन डालकर जहां शाही नाला खुला है, वहां मिलाने का कार्य करना चाहते थे। मैं नाला सफाई कार्य को लेकर उस गली में गई थी। तभी अर्चना सेठ शाही नाले के ऊपर की जमीन को अपनी बहन की बताकर विरोध करने लगीं।

नगर आयुक्त के जाने के बाद अर्चना सेठ कागज लेकर इधर-उधर दौड़ रही थीं। मैंने विरोध करने से मना किया। इस बात पर वह हमलावर हो गईं। अपना बचाव करने में मैंने भी उनको पीट दिया। अर्चना सेठ के लोगों ने मेरा वीडियो वायरल कर दिया। यह सुनियोजित राजनीतिक साजिश है।

'